श्योपुर: कराहल ब्लॉक में कूनो नदी में डूबने के बाद एक युवक लापता हो गया। सेसईपुरा गांव निवासी रामनिवास आदिवासी नदी पार कर रहा था। तेज बहाव के बीच वह गहरे पानी में चला गया। घटना के बाद पुलिस और एसडीआरएफ की टीम युवक की तलाश में जुटी हुई है। बीती रात अंधेरा होने पर रेस्क्यू रोक दिया गया था। आज बुधवार सुबह से फिर तलाश की जा रही है।
रामनिवास परिजनों के साथ छारू स्थित कूनो नदी पर गया था। वह नदी पार करने लगा। नदी के बीच पहुंचने पर तेज बहाव के कारण वह संतुलन नहीं बना सका। इसके बाद वह गहरे पानी में डूब गया। रामनिवास को डूबता देख परिजनों ने शोर मचाया। आसपास के लोग भी मौके पर पहुंचे।
थाना प्रभारी जेएस जादौन ने बताया कि आज बुधवार सुबह से एसडीआरएफ और पुलिस की टीम ने रामनिवास की तलाश फिर शुरू कर दी है। गोताखोर और बोट की मदद से नदी में संभावित स्थानों पर तलाश की जा रही है। नदी में तेज बहाव होने के कारण रेस्क्यू टीम को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
