केबिनेट बैठक एवं मण्डलेश्वर कार्यक्रम की तैयारियां पूर्ण

982.59 करोड़ की महेश्वर जानापाव उद्वहन सिंचाई परियोजना का होगा शिलान्यास

 

खरगोन. लोकमाता देवी अहिल्या की 300वीं जन्म जयंती पर खरगोन जिले की धार्मिक, सांस्कृतिक एवं पर्यटन नगरी महेश्वर में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में 24 जनवरी को केबिनेट बैठक का आयोजन किया गया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव केबिनेट बैठक के बाद मण्डलेश्वर में जनसभा को संबोधित करेंगे। महेश्वर में केबिनेट बैठक एवं मण्डलेश्वर में जनसभा के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली गई है।

 

कलेक्टर श्री कर्मवीर शर्मा के मार्गदर्शन में महेश्वर एवं मण्डलेश्वर में मुख्यमंत्री डॉ. यादव के कार्यक्रम के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की गई है। केबिनेट बैठक के लिए एमपीटी के नर्मदा रिट्रीट को महेश्वर किले की तर्ज पर सजाया गया है। महेश्वर में किले के साथ ही अहिल्या घाट एवं सडक़ों की साफ-सफाई एवं रंग रोगन का कार्य किया जा रहा है। महेश्वर एवं मण्डलेश्वर की मुख्य सडक़ों के दोनों ओर सफाई आदि का कार्य भी किया जा रहा है। महेश्वर एवं मण्डलेश्वर में सडक़ों पर घुमने वाले आवारा पशुओं को पकडकऱ गौशाला में रखा जा रहा है। अहिल्या घाट पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव एवं मंत्री मण्डल के सदस्यों द्वारा मॉ नर्मदा का पूजन किया जाएगा। इसके लिए भी तैयारियां कर ली गई है।

 

03 जिले के 123 गांवों में सिंचाई के लिए पहुंचेगा नर्मदा का पानी

 

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 24 जनवरी को मण्डलेश्वर में आयोजित कार्यक्रम में नर्मदा घाटी विकास प्राधिकरण की 982 करोड़ 59 लाख रुपये की महेश्वर जानापाव उद्वहन सिंचाई परियोजना का शिलान्यास करेंगे। इस परियोजना के पूर्ण होने पर खरगोन जिले की महेश्वर, धार जिले की पिथमपुर एवं इंदौर जिले की मऊ तहसील के कुल 123 ग्रामों के किसानों के खेत में सिंचाई के लिए नर्मदा का जल पहुंचेगा। इससे इन गांवों के किसानों का कृषि उत्पादन बढ़ेगा और उनकी आर्थिक स्थिति सुदृढ़ होगी।

Next Post

प्रशिक्षु डाक्टर बलात्कार-हत्या मामला: सुप्रीम कोर्ट 29 जनवरी को करेगा सुनवाई

Wed Jan 22 , 2025
नयी दिल्ली, 22 जनवरी (वार्ता) उच्चतम न्यायालय कोलकाता के आर जी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में एक प्रशिक्षु डॉक्टर के साथ बार्बर दुष्कर्म और उसकी हत्या से संबंधित मामले की स्वत: संज्ञान सुनवाई 29 जनवरी को करेगी। मुख्य न्यायाधीश संजीव खन्ना और न्यायमूर्ति संजय कुमार और न्यायमूर्ति के वी […]

You May Like