
भोपाल, 19 जनवरी. कोतवाली पुलिस ने कपड़ा बाजार में एक व्यक्ति का पर्स चोरी करते हुए महिला को रंगेहाथ गिरफ्तार किया है. आरोपी महिला को स्थानीय लोगों ने पकड़कर पुलिस को दिया. पहले तो महिला पुलिस को गुमराह करती रही, लेकिन जब महिला पुलिस कर्मचारियों ने उसकी तलाशी ली तो चोरी किया गया पर्स बरामद हो गया. प्रारंभिक पूछताछ में पता चला कि महिला पिछले करीब दस साल से बाजार और भीड़भाड़ इलाके में इस प्रकार की वारदातों को अंजाम दे रही थी. उससे अन्य वारदातों को लेकर पूछताछ की जा रही है. कोतवाली पुलिस के मुताबिक नूरमहल पायगा में रहने वाले परवेज खान शनिवार की शाम को शापिंग करने के लिए इब्राहिमपुरा पहुंचे थे. शाम करीब साढ़े सात बजे उन्होंने कपड़ा बाजार में एक दुकान पर खरीददारी की और पैसे देने के बाद पर्स कंधे पर टंगे थैले के अंदर रख लिया. वह दुकान से आगे जाने लगे, तभी उनके पीछे चल रही एक महिला ने थैले के अंदर हाथ डालकर उनका पर्स निकाल लिया. स्थानीय लोगों की नजर पड़ी तो उन्होंने शोर मचाया, जिसके महिला को पकड़ लिया गया. उसने पर्स को ब्लाउज के अंदर छिपा लिया और चोरी नहीं करने की बात कहने लगी. इसी बीच इलाके में गश्त कर रहे चार्ली जवान भी मौके पर पहुंच गए. चार्ली जवानों ने महिला से पूछताछ की तो उसने पर्स चुराने से इंकार कर किया और अनर्गल आरोप लगाने लगी. उसके बाद लोगों की मदद से महिला को थाने लाया गया. यहां महिला पुलिस कर्मचारियों ने उसकी तलाशी ली तो परवेज के थैले से चोरी किया गया पर्स बरामद हो गया. पर्स में करीब 22 सौ रुपये नकद और अन्य जरूरी कागजात रखे हुए थे. पूछताछ के दौरान महिला ने अपना नाम काजल जोगी निवासी छोला मंदिर बताया. उसके खिलाफ पहले से इस प्रकार के मामले दर्ज बताए गए हैं.
