सूने मकान में चोरी, जेवर और नकदी पार

जबलपुर: कोतवाली थाना अंतर्गत सरस्वती कॉलोनी में शातिर चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए चांदी के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। यह मकान नगर निगम जबलपुर में पदस्थ एक इंजीनियर के ससुर का है, जो पत्नी की बीमारी के चलते पिछले दो महीने से कचनार सिटी में रह रहे थे। पुलिस ने पीडि़त की शिकायत पर अज्ञात चोर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के मुताबिक जागेन्द्र सिंह निवासी विजय नगर कचनार सिटी नगर निगम जबलपुर में इंजीनियर हैं। उनके ससुर प्रभात ठाकुर और सास उपासना सिंह सरस्वती कॉलोनी में अकेले रहते हैं। हाल ही में उनकी सास का नी-रिप्लेसमेंट हुआ है, जिसके कारण देखभाल के लिए पूरा परिवार पिछले 2 महीने से इंजीनियर जागेन्द्र सिंह के विजय नगर स्थित घर पर रह रहा था। सरस्वती कॉलोनी वाला घर खाली रहता था, जहां उनके ससुर रोज शाम को केवल पौधों में पानी डालने जाते थे और रात 8 बजे वापस विजयनगर लौट आते थे।

मकान के नीचे का हिस्सा उन्होंने एक व्यक्ति को गोदाम के लिए किराए पर दे रखा है। बीती 21 मई 2026 को दोपहर करीब 12 बजे गोदाम के किराएदार ने प्रभात ठाकुर को फोन कर सूचना दी कि उनके घर का ताला टूटा हुआ है। खबर मिलते ही इंजीनियर जागेन्द्र सिंह अपनी पत्नी और ससुर के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। जब उन्होंने मकान की दूसरी मंजिल पर जाकर देखा, तो कमरे का सारा सामान बिखरा पड़ा था। चोरों ने अलमारी का लॉक तोडक़र अंदर रखे एक बैग को पार कर दिया था। जिसमें एक पुस्तैनी करधन, एक जोड़ी पायल, दो जोड़ी बाजूबंद, दो जोड़ी कड़े, एक हसली और चार पुराने समय के लच्छे, नगदी बीस हजार रखी थी। सास की गंभीर स्थिति और खराब स्वास्थ्य के कारण पीडि़त परिवार तुरंत थाने नहीं पहुंच सका था। स्थितियां संभलने के बाद इंजीनियर जागेन्द्र सिंह ने कोतवाली थाने पहुंचकर अब एफआईआर दर्ज कराई।

Next Post

आरोपित से निभाई यारी, दो सिपाही सस्पेंड

Tue May 26 , 2026
जबलपुर: शराब तस्करी के मामले में आरोपित से यारी निभाने वाले दो पुलिस कर्मियों को पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय ने सस्पेंड कर लाइन हाजिर कर दिया है। आरक्षक और प्रधान आरक्षक आरोपी को कोर्ट में पेश करने के लिए पुलिस वाहन की बजाए प्राइवेट वाहन से ले गए थे। जिसका […]

You May Like