सतना : उचेहरा के सिद्धेश्वरनाथ मंदिर में 4 दिन पहले हुई चोरी की घटना को सुलझाते हुए पुलिस ने कुल 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. जिनके कब्जे से 37 हजार 600 रु का सामान बरामद कर लिया गया. गिरफ्तार आरोपियों में चोरी करने वालों के साथ-साथ उस सामान को खरीदने वाले भी शामिल बताए गए.उचेहरा थाने से प्राप्त जानकारी के अनुसार 28 जून को सिद्धेश्वरनाथ मंदिर में चोरी की शिकायत प्राप्त हुई थी. इसी कड़ी में मंदिर को अपवित्र करने का प्रयास भी किया गया था.
जांच कर रही पुलिस को मुखबिर के जरिए इस बात की सूचना मिली कि कुछ लोग पीतल का घण्टा बेचने की फिराक में हैं. मामले की गंभीरता को देखते हुए फौरन सक्रिय हुई पुलिस टीम ने मौके पर पहुंच कर 5 आरोपियों को दबोच लिया. जिनकी पहचान अमित कोल 22, अतुल साकेत 28, प्रीतम साकेत 24, विनय साकेत 23 और योगेंद्र साकेत 26 के तौर पर हुई. पुलिस द्वारा की गई पूछताछ में आरोपियों ने खेरमाई मंदिर उरदनी, नरहटी मंदिर, राजा बाबा मंदिर परसमनियां और सिद्धेश्वरनाथ मंदिर गोबरांव कला में चोरी करना स्वीकार कर लिया.
आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस टीम उप 3 अन्य आरोपियों तक भी पहुंच गई. जिन्होंने चोरी के सामान को खरीदा था. चोरी का सामान खरीदने वाले राजेश ताम्रकार 50, विजय ताम्रकार 40 और कैलाश ताम्रकार 41 को भी गिरफ्तार कर लिया. जिनके पास से पुलिस ने 9 घंटे, 1 कलश और 1 मंदिर का स्किड बरामद कर लिया. जिसकी कीमत 37 हजार 600 रु आंकी गई. मंदिर में चोरी करने वाले आरोपियों ने पुलिस को बताया कि चुराए गए सामान को बेचने से जो पैसे उन्हें मिले उसे उन्होंने पार्टी में खर्च कर दिया.
