सात एलईडी टीवी के साथ आरोपी गिरफ्तार
चार आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
इंदौर: क्षिप्रा पुलिस ने मांगलिया स्थित एक शासकीय स्कूल में हुई चोरी का पर्दाफाश करते हुए एक चोर को गिरफ्तार किया है. आरोपी से पुलिस उसके अन्य साथियों के बारे में पूछताछ कर रही है. पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की सात एलईडी टीवी जब्त कर पूछताछ शुरु की. .ग्रामीण एसपी हितिका वासल ने बताया कि घटना गुरुवार 9 जनवरी को हुई थी, जब स्कूल के प्राचार्य अरविंद कुमार पांडे ने चौकी मांगलिया पर रिपोर्ट दर्ज कराई थी. प्राचार्य ने बताया कि स्कूल के मुख्य भवन के कक्षाओं और शिक्षकों के कमरों के ताले टूटे हुए मिले, और सात स्मार्ट एलईडी टीवी गायब थे.पुलिस ने स्कूल में लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच की, जिसमें 3-4 नकाबपोश चोर चोरी करते हुए दिखाई दिए.
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर संदिग्धों से पूछताछ और मुखबिरों की मदद ली गई. पुलिस को सूचना मिली थी कि लवकुश कालोनी में रहने वाला 22 वर्षीय कार्तिक खोखरिया ने ही चोरी की हैं, इस पर पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया. पुलिस ने उसकी निशानदेही पर देवास जिले के ग्राम सन्नोड थाना बरौठा के जंगलों से चोरी की सात एलईडी टीवी बरामद की है. आरोपी कार्तिक ने चोरी के मामले में अपने अन्य साथियों नीलेश उर्फ कीटाणु, यश वर्र्मा, विशाल वर्मा के साथ अमित राठौर का नाम भी बताया, पुलिस उनकी तलाश कर रही है.
