शिवपुरी: जिले के पिछोर अनुविभाग के बामौरकला थाना सीमा में जिला पंचायत सदस्य और उनके पति सहित उनके समर्थको पर जानलेवा हमला किया गया है। बताया जा रहा है कि यह गोलिया उनकी गाडी पर चलाई गई है। यह घटना रात 11 बजे की बताई जा रही है। अब विरोध में सुबह से ही थाने के सामने चक्काजाम कर दिया गया है।जिला पंचायत सदस्य संध्या लोधी पति सियाराम लोधी भाजपा किसान मोर्चा मंडल अध्यक्ष बामौरकला पर हमलावरों ने गोलियां भी चलाई। गोली के निशान उनकी कार पर भी हैं। उन्होंने भागकर जैसे-तैसे अपनी जान बचाई। इस हमले में एक व्यक्ति गोली लगने से घायल हुआ हैं। जिला पंचायत सदस्य ने इसकी शिकायत आज बामौरकला थाना में पहुंचकर दर्ज कराई हैं।
शिवपुरी जिला पंचायत के वार्ड 17 से जिला पंचायत सदस्य संध्या लोधी के पति सिया राम लोधी ने बताया कि रात में वह अपनी पत्नी संध्या लोधी के साथ गाड़ी में सवार होकर पिपरा गांव अपने एक रिश्तेदार के यहां जन्मदिन के समारोह में शामिल होने गए हुए थे। उनकी पत्नि संध्या लोधी स्कॉर्पियो मे बैठी थी, वही में पीछे की गाडी में अपने अन्य समर्थको के साथ था। उनके साथ एक अन्य कार में राज कुमार लोधी, बैजनाथ, गोलू शिव रजक भी थे।
रात 11 बजे के लगभग वह अपने गांव के लिए रवाना हुए थे। तभी पिपरा गांव में पुरानी रंजिश के चलते सौरभ ठाकुर, बंटी ठाकुर, अरविंद ठाकुर और कुछ अज्ञात लोगों ने दोनों वाहनों को रुकवा लिया। इसके बाद सभी ने वाहनों पर लाठियां बरसाना शुरू कर दिया था। उन्होंने अपनी पत्नी के साथ भाग कर अपनी जान बचाई। लेकिन कुछ उनके साथियों को पकड़कर मारपीट की। हमलावरों ने गोलियां भी चलाई। बंदूकों से निकली गोलियां उनकी दोनों कारों में लगी हैं। इस हमले में गोली लगने से बैजनाथ गंभीर रूप से घायल हुआ हैं।
