राहुल ने कबूल कर लिया है कि वह भारत से लड़ रहे हैं : नड्डा

नयी दिल्ली, 15 जनवरी (वार्ता) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के राजधानी में कांग्रेस पार्टी के मुख्यालय के नये भवन के उद्घाटन के मौके पर बुधवार को दिए गए बयान की भर्त्सना की और कहा कि श्री गांधी के बयान से साफ हो गया है कि उनके अर्बन नक्सल और डीप स्टेट के साथ घनिष्ठ संबंध हैं, जो भारत को तोड़ने की साजिश रच रहे हैं।

भाजपा के अध्यक्ष श्री नड्डा ने सोशल मीडिया साइट ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में श्री गांधी के राष्ट्र विरोधी बयान की कड़ी आलोचना की और कहा कि श्री राहुल गांधी हमेशा देश को तोड़ने वालों और भारत को कमजोर करने वालों को समर्थन देने वाला होता है। श्री राहुल गाँधी का आज का बयान कि वह ‘इंडियन स्टेट’ से लड़ रहे हैं, यह कांग्रेस के भारत की एकता एवं अखंडता को कमजोर करने के खतरनाक षड्यंत्र को दर्शाती है।

श्री नड्डा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी का इतिहास ऐसी ताकतों का समर्थन करने का रहा है जिनका उद्देश्य भारत को कमजोर करना है। कांग्रेस की सत्ता की लालसा ने देश की राष्ट्रीय अखंडता और लोगों के विश्वास को नुकसान पहुंचाया है। हालाँकि, भारत के नागरिक समझदार हैं और उन्होंने श्री राहुल गांधी और उनकी इस पुरानी विचारधारा को अस्वीकार करने का संकल्प लिया है। कांग्रेस की सच्चाई अब किसी से छुपी हुई नहीं है, क्योंकि उनके अपने नेता राहुल गांधी ने ही कांग्रेस की सच्चाई को उजागर कर दिया है।

श्री नड्डा ने कहा,“मैं श्री राहुल गांधी की सराहना करता हूँ कि आज उन्होंने वह बात स्पष्ट रूप से साफ़-साफ कह दी है जो पूरा देश जानता है कि श्री राहुल गांधी भारत से लड़ रहे है। कांग्रेस की घिनौनी सच्चाई अब उनके अपने नेता द्वारा ही उजागर कर दी गई है। यह कोई रहस्य नहीं है कि राहुल गांधी और उनके पारिस्थितिकी तंत्र के अर्बन नक्सल और डीप स्टेट के साथ घनिष्ठ संबंध हैं, जो भारत को बदनाम और अपमानित करना चाहते हैं।”

भाजपा अध्यक्ष ने कहा,“श्री राहुल गांधी ने कई बार ऐसे राष्ट्र विरोधी बयान दिए हैं और गतिविधियों में शामिल रहे हैं। राहुल गांधी ने जो कुछ भी कहा है, वह भारत को तोड़ने और हमारे समाज को विभाजित करने की दिशा में उठाया गया कांग्रेस का एक और कदम है।”

Next Post

6 लाख रुपये कीमती 2200 लीटर डीजल सहित परिवहन में प्रयुक्त वाहन जप्त 

Wed Jan 15 , 2025
* आवश्यक एवं ज्वलनशील वस्तुओ की कालाबाजारी पर पिपरांव पुलिस ने की कार्यवाही   नवभारत न्यूज बघवार 15 जनवरी।आवश्यक एवं ज्वलनशील वस्तुओ की कालाबाजारी पर कार्यवाही करते हुये चौकी पिपराव पुलिस ने 6 लाख रुपये कीमती 2200 लीटर डीज़ल सहित परिवहन में प्रयुक्त वाहन जप्त किया। पुलिस अधीक्षक सीधी डॉ. […]

You May Like