महा कुंभ 2025 में हवाई निगरानी ने दिया सुरक्षा को नया आयाम

प्रयागराज 14 जनवरी (वार्ता) दुनिया के सबसे बड़े आध्यात्मिक समागम, महाकुंभ मेला में उत्तर प्रदेश पुलिस ने मेले के विशाल क्षेत्र में हवाई निगरानी और भीड़ प्रबंधन को मजबूत करने के लिए 11 टेथर्ड ड्रोन और एंटी-ड्रोन सिस्टम तैनात किए हैं।

केबल के माध्यम से ग्राउंड स्टेशन से जुड़े रहने के कारण टेथर्ड ड्रोन निर्बाध बिजली आपूर्ति प्राप्त करते हैं, जिससे ये लगातार 12 घंटे तक निगरानी कर सकते हैं। ये ड्रोन 120 मीटर की ऊंचाई तक उड़ान भर सकते हैं और तीन किलोमीटर के दायरे को कवर कर सकते हैं। नवीनतम थर्मल और आईआर कैमरों से सुसज्जित ये ड्रोन दिन और रात दोनों समय लाइव फुटेज के साथ अद्भुत ज़ूम क्षमता प्रदान करते हैं।

टेथर्ड ड्रोन की तैनाती ने न केवल भीड़ प्रबंधन को सुदृढ़ किया है, बल्कि महत्वपूर्ण क्षेत्रों में 24 घंटे सतर्कता भी सुनिश्चित की है। हवाई निगरानी के अलावा, हवाई खतरों को निष्क्रिय करने के लिए तीन एंटी-ड्रोन सिस्टम को रणनीतिक स्थानों पर तैनात किया गया है। दो आरएफ आधारित सिस्टम 8 किमी के दायरे में दुश्मन ड्रोन का पता लगाने और 2 किमी तक उनके सिग्नल को जाम करने में सक्षम हैं जबकि एक रडार आधारित सिस्टम 15 किमी दूर तक ड्रोन का पता लगा सकता है और तीन किमी के भीतर उन्हें निष्क्रिय कर सकता है। अब तक नौ अवैध ड्रोन को निष्क्रिय किया गया है, जिसमें छह मकर संक्रांति के दिन पकड़े गए थे। इनमें से एक ड्रोन रेड ज़ोन में प्रवेश करने का प्रयास कर रहा था, जिसे तुरंत रोका गया।

एडीजी सुरक्षा रघुबीर लाल के निकट पर्यवेक्षण में, एसपी ट्रेनिंग और एसपी सुरक्षा, मेला क्षेत्र में तैनात रहकर टेथर्ड ड्रोन के संचालन की निगरानी कर रहे हैं। एडीजी ट्रैफिक सत्य नारायण और आईजी ट्रैफिक सुभाष दुबे ने ट्रैफिक विभाग के टेदरड ड्रोन की बारीकी से निगरानी की, जबकि एडीजी एटीएस नीलाब्जा चौधरी ने एटीएस के ड्रोन की मॉनिटरिंग की।

पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) प्रशांत कुमार ने कहा कि टेथर्ड ड्रोन ने यूपी पुलिस के लिए सुरक्षा के एक नए युग की शुरुआत की है। अपनी उन्नत निगरानी, भीड़ प्रबंधन और खतरे को निष्क्रिय करने की क्षमताओं के साथ, इन ड्रोन और एंटी-ड्रोन सिस्टम ने महाकुंभ 2025 में सुरक्षा को नई परिभाषा दी है। जहां लाखों श्रद्धालु आध्यात्मिक शांति की तलाश में महाकुंभ में एकत्रित हो रहे हैं, वहीं उत्तर प्रदेश पुलिस अत्याधुनिक तकनीक की मदद से उनकी यात्रा को सुरक्षित, निर्बाध और यादगार बनाने में जुटी है।

 

Next Post

सोशल मीडिया पर नंबर वन ट्रेंड बना महाकुम्भ_अमृत_स्नान

Tue Jan 14 , 2025
महाकुम्भ नगर, 14 जनवरी (वार्ता) महाकुम्भ के दूसरे दिन मंगलवार को पहले अमृत स्नान पर्व मकर संक्रांति के अवसर पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर महाकुम्भ_अमृत_स्नान हैशटैग टॉप ट्रेंड में शुमार हो गया। मंगलवार की सुबह से ही लोगों ने एक्स पर #महाकुम्भ_अमृत_स्नान को लेकर अपने विचार प्रकट करने शुरू […]

You May Like