आरोपियों ने कान पकड़कर मांगी मांफी
इंदौर:थाना विजयनगर क्षेत्र के मैकेनिक नगर भमौरी में जैन परिवार के शादी समारोह के दौरान हुए हंगामे और पत्थरबाजी मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया। यह घटना 10 जनवरी की रात करीब 10 बजे मंडप कार्यक्रम के समय हुई, जब कुछ युवकों ने गाली-गलौज, मारपीट और पत्थर फेंककर गाड़ियों के कांच तोड़ दिए।
विजय नगर थाना प्रभारी चंद्रकांत पटेल ने बताया कि मोहन ठाकुर, कृष्णा, आदेश और उनके साथियों ने समारोह में व्यवधान उत्पन्न असामाजिक गतिविधियों को अंजाम दिया था. शिकायत मिलते ही पुलिस ने मुख्य आरोपी मोहन पिता रामरोसे अहिरवार (उम्र 19 वर्ष) और आदेश पिता राजू मौर्य (उम्र 19 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद, आरोपियों को घटना स्थल पर लाकर कान पकड़कर सार्वजनिक रूप से माफी मंगवाई गई। आरोपियों ने भविष्य में अपराध न करने का वादा किया। घटना में शामिल दो बाल अपचारियों, किन्ना और तन्मय, की काउंसलिंग कराई गई। इस कार्य में आरंभ संस्था की साइक्लोजिस्ट सैलजा मिश्रा और परामर्शदाता राजश्री सिसोदिया ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। बाद में, बाल अपचारियों को उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। आसपास के लोगों में व्याप्त भय को किया दूर: पुलिस ने आरोपियों को घटना स्थल पर लाकर पैदल चलाया, ताकि स्थानीय लोगों में कानून-व्यवस्था के प्रति विश्वास बहाल हो सके। पुलिस ने इस घटना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए स्पष्ट संदेश दिया है कि किसी भी तरह की अवैध और असामाजिक गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
