भाजपा प्रदेश भर में 11 से 25 जनवरी तक संविधान गौरव अभियान चलायेगी

भोपाल, 09 जनवरी (वार्ता) भारतीय जनता पार्टी द्वारा भारतीय संविधान के 75 वर्ष पूर्ण होने पर उत्सव मनाने ‘संविधान गौरव अभियान’ चलाया जायेगा। इस अभियान का शुभारंभ 11 जनवरी को होगा, जो 25 जनवरी तक चलेगा।

प्रदेश भाजपा की ओर से आज यहां जारी विज्ञप्ति के अनुसार भगवान बिरसा मुंडा की 150 वीं जयंती मनाने वर्ष भर अभियान चलेगा। 9 जनवरी 1900 को भगवान बिरसा मुंडा ने अंग्रेजों के विरूद्ध युद्ध प्रारंभ किया था। उनके शौर्य को याद करते हुए वर्ष भर अभियान चलाया जायेगा। जनसभा के माध्यम से प्रदेश में अभियान प्रारंभ किया जायेगा, जिसमें मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा, प्रदेश संगठन महामंत्री श्री हितानंद, उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, राजेन्द्र शुक्ल सहित वरिष्ठ नेतागण शामिल होंगे।

संविधान गौरव अभियान के माध्यम से भारतीय संविधान के मूल्यों और सिद्धांतों का प्रचार किया जायेगा और संविधान शिल्पकार बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर को श्रद्धांजलि दी जायेगी। अभियान के तहत 11 से 25 जनवरी तक अनुसूचित जाति, बुद्धिजीवी, महिला और युवा वर्ग, हॉस्टल एवं कॉलेज के विद्यार्थियों से विशेष संपर्क कर संविधान की प्रतियों का वितरण एवं जनसभाओं का आयोजन किया जायेगा।

अभियान के तहत भोपाल सहित प्रदेश के सभी जिलों में गोष्ठियों का आयोजन किया जायेगा। अभियान के समापन के दिन 25 जनवरी को भाजपा कार्यकर्ता हर बूथ पर संविधान की प्रस्तावना पढेंगे।

जनवरी में भगवान बिरसा मुंडा सहित अन्य जनजाति क्रांतिकारियों के गौरव को जनसभा के माध्यम से जनता को बताने के साथ फरवरी एवं मार्च में अनुसूचित जनजाति द्वारा देश के लिए किए गए योगदान को बताया जायेगा। मार्च और अप्रैल में आदिकला महोत्सव व बौद्धिक सम्मेलन का आयोजन किया जायेगा। मई एवं जून में समाजपति सम्मेलन, जुलाई से अक्टूबर के मध्य खेल प्रतियोगिता, प्रश्नोत्तरी व निबंध प्रतियोगिता और 1 से 15 नवंबर तक भगवान बिरसा मुंडा गौरव यात्रा निकाली जायेगी।

 

 

Next Post

मध्यप्रदेश में प्लास्टिक उद्योग के विकास की अपार संभावनाएं: यादव

Thu Jan 9 , 2025
Share on Facebook Tweet it Share on Reddit Pin it Share it Email इंदौर, 09 जनवरी (वार्ता) मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा है कि मध्यप्रदेश में प्लास्टिक उद्योग के विकास की अपार संभावनाएं हैं। यह उद्योग का नया क्षेत्र है और इसका बड़ा बाजार है। इस उद्योग […]

You May Like

मनोरंजन