बीजिंग, 08 जनवरी (वार्ता) चीन के भूकंप वैज्ञानिकों ने देश के दक्षिण-पश्चिम में तिब्बत स्वायत्त क्षेत्र (ज़िज़ांग स्वायत्त क्षेत्र) में आए 6.8 तीव्रता के भूकंप के बाद 515 झटके दर्ज किए। यह जानकारी चीन भूकंप नेटवर्क केंद्र ने बुधवार को दी।
केंद्र की ओर से जारी बयान में कहा गया “आज सुबह स्थानीय समयानुसार 8:00 बजे तक, कुल 515 झटके दर्ज किए गए, जिसमें 3.0 की तीव्रता से नीचे वाले 488 झटके, 3.0 और उससे अधिक माप वाले 27 झटके शामिल हैं, जिसमें 3.0 से 3.9 तक के 24 और 4.0 से 4.9 तक के तीन झटके शामिल हैं।”
भूकंप केंद्र ने एक बयान में कहा कि भूकंप के बाद इसके केंद्र से लगभग 18 किलोमीटर दूर 4.4 तीव्रता का का सबसे तेज झटका महसूस किया गया।
तिब्बत स्वायत्त क्षेत्र के शिगात्से जिले के तिंगरी काउंटी में मंगलवार को 10 किलोमीटर की गहराई पर 6.8 तीव्रता का विनाशकारी भूकंप आया। चीनी अधिकारियों ने कहा कि इस आपदा में मरने वालों की संख्या 126 हो चुकी है जबकि 188 अन्य घायल हुए हैं।
