
ग्वालियर। ईंट भट्टे पर मिट्टी भर रहा ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित होकर फिसल गया जिससे वहां काम कर रहे मजदूर की उसके नीचे दबने से मौत हो गई। डबरा सिटी थाना इलाके में हुए इस हादसे में पुलिस द्वारा आरोपी चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ट्रैक्टर को जब्त कर लिया गया है। डबरा सिटी थाना क्षेत्रांतर्गत हरिपुर के पास पहारिया का ईंट भट्टा है, जिसमें एक ट्रैक्टर- ट्रॉली गीली मिट्टी लेने के लिए पहुंची थी। चालक द्वारा ट्रॉली में मिट्टी भरी जा रही थी, इसी दौरान अचानक अनियंत्रित होकर ट्रैक्टर फिसल गया, जिससे वहां काम कर रहा मजदूर जोहन खैरवार (55 वर्ष) निवासी चांपा (छत्तीसगढ़) ट्रैक्टर के नीचे दब गया। यह देख वहां मौजूद लोगों ने जब तक मशक्कत कर ट्रैक्टर को उठाया, तब तक उसके नीचे दबे मजदूर की मौत हो चुकी थी। डबरा सिटी टीआई यशवंत गोयल ने बताया कि मामले में आरोपी ट्रैक्टर चालक के खिलाफ बीएनएस की धारा 106 (1) के तहत एफआईआर दर्ज कर हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए विवेचना की जा रही है।
*बाईकों की भिड़ंत में घायल युवक की हॉस्पिटल में मौत*
करहिया थाना क्षेत्रांतर्गत मेहगांव रोड स्थित नहर के पास तीन दिन पूर्व दो बाइक्स की आपस में जोरदार भिड़ंत हो गई, जिसमें चीनोर निवासी संतोष पुत्र मुंशीराम प्रजापति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की सूचना पाकर पहुंची पुलिस द्वारा घायल को जेएएच पहुंचाया गया था, जहां उपचार के दौरान बीती रात उसकी मौत हो गई। करहिया थाना प्रभारी देवेंद्र लोधी ने बताया कि मामले में शव का पीएम करवाकर आरोपी बाइक चालक के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का प्रकरण दर्ज किया गया है।
