
सोल, 03 जनवरी (वार्ता) दक्षिण कोरिया की संयुक्त जांच इकाई ने शुक्रवार को राष्ट्रपति यूं सुक-योल की गिरफ्तारी में बाधा डालने के लिए राष्ट्रपति सुरक्षा सेवा प्रमुख को तलब किया।
उच्च पदस्थ अधिकारियों के लिए भ्रष्टाचार जांच कार्यालय (सीआईओ), राष्ट्रीय जांच कार्यालय (एनओआई) और रक्षा मंत्रालय के जांच मुख्यालय से मिलकर बनी जांच इकाई के एक अधिकारी ने संवाददाताओं को बताया कि इकाई ने राष्ट्रपति सुरक्षा सेवा के प्रमुख और उप प्रमुख को शनिवार को पूछताछ के लिए बुलाया है। अधिकारी ने बताया कि राष्ट्रपति सुरक्षा प्रमुख और उप प्रमुख पर श्री योल की गिरफ्तारी के वारंट के निष्पादन में बाधा डालने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। गौरतलब है कि श्री योल के खिलाफ राजधानी सोल की एक अदालत ने मंगलवार को वारंट जारी किया था।
सीआईओ जांचकर्ताओं और पुलिस अधिकारियों के एक समूह ने पहले राजधानी के मध्य स्थित राष्ट्रपति निवास में श्री योल को गिरफ्तार करने का प्रयास किया, लेकिन उन्हें लगभग साढ़े पांच घंटे तक सैकड़ों सुरक्षा सेवा एजेंटों और जवानों के विरोध का सामना करना पड़ा। श्री योल को जांच एजेंसियों ने विद्रोह के आरोप में एक संदिग्ध सरगना के रूप में नामित किया है। उन्होंने पिछले वर्ष 03 दिसंबर की रात को मार्शल लॉ घोषित किया था, लेकिन कुछ घंटों बाद नेशनल असेंबली द्वारा उसे रद्द कर दिया गया था। श्री योल के खिलाफ महाभियोग प्रस्ताव 14 दिसंबर को नेशनल असेंबली द्वारा पारित किया गया था और इसे 180 दिनों तक विचार-विमर्श करने के लिए संवैधानिक न्यायालय को सौंप दिया गया था। इस दौरान श्री योल के अधिकारों पर रोक लगा दी गयी थी।
