भाजपा ने केजरीवाल से नव वर्ष पर झूठ और छल कपट की राजनीति का परित्याग करने की अपील

नयी दिल्ली 01 जनवरी (वार्ता) दिल्ली प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से नव वर्ष के दिन झूठ एवं छल कपट की राजनीति का परित्याग करने की अपील की है।

दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा ने बुधवार को श्री केजरीवाल को पत्र लिखकर कहा कि वह आज नव वर्ष के दिन झूठ एवं छल कपट की राजनीति न करने का संकल्प लें।

श्री सचदेवा ने श्री केजरीवाल को नए साल 2025 की शुभकामनाएँ देते हुए उनके स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की मंगलकामना की है। उन्होंने पत्र में लिखा है कि हम सभी बचपन से ही, नव वर्ष के दिन में बुरी आदतों को छोड़ने और अच्छे एवं नये कार्य करने का संकल्प लेते हैं।

उन्होंने कहा कि आज नव वर्ष 2025 के पहले दिन आप भी झूठ न बोलने के साथ ही छल कपट भरी राजनीति जैसी गलत आदतें छोड़कर खुद में सार्थक परिवर्तन लाने का प्रयास करें।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि मेरे आग्रह पर आप कम से कम यह पाँच संकल्प इस वर्ष जरूर लें। उन्होंने कहा कि मुझे विश्वास है कि आप अब कभी भी अपने बच्चों की झूठी कसम नहीं खाएँगे। आप दिल्ली की महिलाओं, बुजुर्गों और धार्मिक जनों की भावनाओं से झूठे वादे कर उनके साथ खिलवाड़ बंद करेंगे। आप दिल्ली में शराब को प्रोत्साहन देने के लिए दिल्ली वालों से क्षमा मांगेंगे।

यमुना मैया की सफाई पर झूठे आश्वासनों एवं सफाई के नाम पर किए भ्रष्टाचार के अक्षम्य अपराध के लिए आप सार्वजनिक तौर पर माफ़ी माँगेंगे, और आप राजनीतिक स्वार्थ के लिए देश विरोधी ताकतों से मिलना और चंदा ना लेने का संकल्प लेंगे।

उन्होंने कहा कि आशा करता हूं की आप मेरे इन सुझावों को मानेंगे और झूठ, छल -कपट से दूरी बना कर अपने जीवन में सार्थक सुधार लायेंगे। ईश्वर आपको सुमार्ग पर चलने की शक्ति दें।

 

Next Post

नीलेश देसाई को ‘जलमित्र पुरस्कार’ से सम्मानित: जल संरक्षण के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान

Wed Jan 1 , 2025
29 दिसंबर 2024 को महाराष्ट्र विकास केंद्र द्वारा पुणे में आयोजित एक भव्य समारोह में जल संरक्षण और सामुदायिक जागरूकता के क्षेत्र में अभूतपूर्व योगदान के लिए नीलेश देसाई को प्रतिष्ठित ‘जलमित्र पुरस्कार’ से सम्मानित किया गया। इस समारोह में राज्य के वरिष्ठ अधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता और विभिन्न क्षेत्रों के […]

You May Like