नवभारत न्यूज
झाबुआ। नगर सहित अंचल में चैत्र नवरात्रि की नवमी को भगवान श्री राम का जन्मोत्सव बडी धुमधाम से मनाया गया। राम जन्मोत्सव को लेकर नगर सहित अंचल के श्री राम एवं श्री कष्ण मंदिरों को भव्य स्वरूप में सजाया गया था। नगर में बुधवार को पुरी श्रद्धा एवं भक्ति के साथ मर्यादा पुरूषोत्तम भगवान श्री राम के जन्मोत्सव पर राम नवमी पर्व धुमधाम के साथ मनाया गया। मुख्य कार्यक्रम नगर के नेहरू मार्ग, राजवाडा चौक के निकट प्राचीन श्रीराम मंदिर में संपन्न हुआ। दोपहर 12 बजे घंडी घंटाले एवं बेैंडबाजों के साथ तथा भव्य आतिशबाजी के साथ भगवान श्रीराम का प्रकटोत्सव मनाया गया। राम नवमी पर्व पर श्री राम मंदिर पर प्रात: श्री राम दरबार का अभिषेक कर सुंदर श्रृंगार किया गया। मंदिर प्रांगण में सुबह 9 बजे से सुंदर कांड पाठ आरंभ हुआ, जिसमें उमेश पांडे, गोपालसिंह चौहान, कृष्णा शाह, दीपक टेलर, अरविंद नायक, नवनीत त्रिवेदी, भेरूसिंह सोलंकी, अंतिम कलवार, विश्वास शाह, आशीष पांडे, विकास पांडे, राहुल गोस्वामी आदि उपस्ति रहे। पाठ दोपहर तक चला और दोपहर ठीक 12 बजे महाआरती हुई। महाआरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालुजन शामिल हुए। इस दौरान राजवाडा चौक में जमकर आतिशबाजी भी की गई। तत्पश्चात् महाप्रसादी के रूप में पंजेरी, ड्रायफ्रूट्स, पंचमेवा एवं पंचामृत का प्रसाद भक्तों में वितरण किया गया। मंदिर में प्रशासनीक अधिकारियों एवं राजनेताओं ने भी पहुंचकर दर्शन किये। संध्याकाल पूरे मंदिर पर दीप सज्जा करने के साथ विशेष आरती की गई। रात्रि में मंदिर पर सुंदर विद्युत सज्जा भक्तों के लिए आकर्षण का केंद्र रहीं। आयोजन को सफल बनाने में श्रीराम सेवा समिति से जुड़े पदाधिकारी-सदस्यों का सराहनीय सहयोग रहा।
मंदिरों में हुई महाआरती
नगर के राधाकृष्ण मार्ग स्थित राधा-कृष्ण मंदिर में भगवान श्री राधा-कृष्णजी का मनमोहक श्रृंगार राम नवमी के उपलक्ष में किया गया। यहां 12 बजे महाआरती बाद सभी ने महाप्रसादी स्टॉल पर कतार में खड़े रहकर पंजेरी, चाकलेट, ठंडाई शरबत की प्रसादी प्राप्त की। समीप श्री मेढ़ क्षत्रिय स्वर्णकार मंदिर में भगवान श्री सत्यनारायण का सुंदर श्रृंगार कर दोपहर 12 बजे महाआरती बाद प्रसादी वितरण हुआ। इसी प्रकार श्री गोवर्धनाथ मंदिर, श्री चारभुजा नाथ मंदिर में भगवान श्री चारभुजानाथजी का सुंदर एवं मनमोहकर श्रृंगार कर महाआरती बाद सभी को महाप्रसादी वितरित की गई। वही राजवाडा चौक स्थित श्री राम दरबार मंदिर, छोटा तालाब स्थित श्री राधा कृष्ण बिहारी मंदिर, व्यास बाडा लक्ष्मीबाई मार्ग स्थित श्रीराम मंदिर सहित अन्य देवालायों तथा नगर से सटे ग्राम रंगपुरा स्थित श्रीराम दरबार मंदिर में भी श्री राम नवमी के अवसर पर भगवान श्रीराम का पूजन अर्चन कर दोपहर ठीक 12 बजे जन्मोत्सव आरती की गई। ग्राम रंगपुरा में भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव पर अनेक ग्रामीण एवं निकट बालक आश्रम के बच्चे मंदिर पहुंचे जहां उन्होंने भगवान श्रीराम के दर्शन कर नगर सहित अंचल के विकास और खुशहाली की प्रार्थना की। श्रीराम जन्मोत्सव आरती पश्चात मंदिरों पर पहुंचे भक्तों को पंच मेवा व पिंजरी की प्रसादी का वितरण किया गया।
भक्तों ने घरों में किये आयोजन
भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव पर नगर सहित अंचल के भक्तों ने अपने-अपने घरों में श्रीराम रक्षास्त्रोत का पाठ किया। साथ ही अनेक भक्तों ने परिवार के साथ श्रीराम नाम के महामंत्र का 108 बार वाचन किया। अंचल के श्रीराम भक्तों ने शाम को हनुमान चालीसा का पाठ किया और अपने घर आंगन में दीपक जलाकर श्रीराम जन्मोत्सव की खुशियां मनाई। इस अवसर पर नगर के कई मार्गो को केशरिया ध्वज से भी सजाया गया।
17 झाबुआ-2- सुंदरकांड पाठ करते भक्तगण