जबलपुर: समर्थन मूल्य पर चल रही धान खरीदी में अब किसानों की समस्या सामने आ रही है। जिसमें किसानों द्वारा फसल तो बेच दी गई है परंतु अभी तक उन्हें अपनी फसल का भुगतान नहीं हुआ है। जिसके चलते आगामी फसल की तैयारी के लिए किसानों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जानकारी के अनुसार जबलपुर में किसानों से लगभग 180 करोड रुपए कीमत की लगभग 10 लाख क्विंटल धान खरीद ली गई है, लेकिन किसानों को अभी तक सिर्फ 18 करोड रुपए का भुगतान हुआ है, जो की लगभग 78 हजार क्विंटल धान का मूल्य है। इसके अलावा 11229 किसानों से धान का उपार्जन कर लिया गया है, लेकिन गिनती के किसानों का ही भुगतान हुआ है।
विभाग बदला, जानकारी नहीं की अपडेट
उल्लेखनीय है कि जबलपुर धान उपार्जन में 2023 तक मार्कफेड द्वारा धान का उपार्जन किया जा रहा था। लेकिन इस वर्ष 2024 में नागरिक आपूर्ति निगम को धान खरीदी का जिम्मा दे दिया है। ऐसे में विभाग तो बदल दिए गए। लेकिन अकाउंट से लेकर बैंक तक की सारी जानकारियां अपडेट नहीं हुई हैं। जिसका खामियाजा किसानों को भुगतना पड़ रहा है।