चुराए गए दो नन्हे बच्चे पांच दिन में सकुशल बरामद, बच्चा चोरी में लिप्त आठ आरोपी गिरफ्तार

रतलाम, 06 दिसंबर (वार्ता) मध्यप्रदेश के रतलाम जिले के जावरा में हुसैन टेकरी से पांच दिन पूर्व चुराए गए दो नन्हे बच्चों को पुलिस ने राजगढ़ जिले के ब्यावरा से सकुशल बरामद कर लिया है। चुराए गए बच्चों को पहले गुजरात के अहमदाबाद में बेचा जाना था। पुलिस ने इस पूरे मामले में गुजरात निवासी नर्स समेत कुल आठ आरोपियों को अलग अलग स्थानों से गिरफ्तार कर लिया है।
आरोपियों में एक विधि विरुद्ध बालक भी शामिल है। पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने सफलता अर्जित करने वाली पुलिस टीम को तीस हज़ार रुपए का नगद पुरस्कार देने की अनुशंसा भी की है।
एसपी श्री कुमार ने आज यहां इस पूरे मामले का खुलासा किया। 30 नवंबर को जावरा औद्योगिक क्षेत्र थाने पर एक महिला ने आकर शिकायत दर्ज कराई कि वह अपने परिवार सहित हुसैन टेकरी मेला मैदान में झोपड़ी बनाकर रहती है। अज्ञात बदमाश उसकी एक वर्ष की बच्ची और आठ वर्ष के बच्चे का अपहरण कर ले गए हैं। महिला की शिकायत पर जावरा पुलिस ने प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया।
दो बच्चों के गायब होने की जानकारी मिलते ही एसपी श्री कुमार तत्काल एक्शन में आए। उन्होंने एएसपी राकेश खाखा और जावरा सीएसपी दुर्गेश आर्मो के मार्गदर्शन में अपह्त बच्चों की बरामदगी के लिए टीम का गठन किया। एसपी श्री कुमार ने बताया कि टीम द्वारा घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी कैमरे को चेक करना शुरू किया। सीसीटीवी कैमरे के माध्यम से संदिग्धों की पहचान कर राजगढ़ जिले के ब्यावरा से संदिग्धों को हिरासत में लिया गया और दोनों बच्चों को सकुशल बरामद किया गया।
एसपी ने बताया कि आरोपी बच्चों को बिस्किट खिलाकर बहला फुसलाकर अपने साथ ले गए थे। गिरफ्तार आरोपियों में बबली, नासरा बी, मोहम्मद हनीफ, राशिद शाह, जुलेखा, मेहजबिन बी और एक विधि विरुद्ध बालक शामिल है। एसपीने बताया कि आरोपी राशिद शाह पूरे मामले का मास्टरमाइंड है। गुजरात की रहने वाली मेहजबीन जो एक डॉक्टर के क्लीनिक पर नर्स है, उसने राशिद को बच्चा उपलब्ध कराने के लिए बोला था। मेहजबीन को यह बच्चा किसी नि:संतान दंपति को बेचना था। बच्चों की डिमांड आने पर राशिद और उसकी पत्नी जुलेखा ने झालावाड़ राजस्थान निवासी आरोपियों से संपर्क किया। आरोपी बबली अपनी बहू नासरा, मोहम्मद हनीफ और विधि विरुद्ध बालक के साथ हुसैन टेकरी आई हुई थी। यहां आरोपियों की नजर हुसैन टेकरी क्षेत्र में रह रहे एक साल की बालिका और उसके 8 साल के भाई पर पड़ी। आरोपियों ने बिस्किट का लालच देकर दोनों बच्चों को अपने पास बुलाया और उन्हें अपहरण कर साथ ले गए।
पुलिस के अनुसार आरोपी बच्चों को रशीद को देने वाले थे जहां से वह बच्चे गुजरात निवासी नर्स मेहजबीन बी को देता और नर्स निसंतान दंपत्ति को बेचने वाली थी, लेकिन उसके पहले ही रतलाम पुलिस आरोपियों तक पहुंच गई और बच्चों को सकुशल बरामद करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस बच्चा चोर गिरोह के मामले में और जांच कर रही है। पुलिस पता लगा रही है कि इन्होंने पूर्व में भी इस तरह के और अपराध तो नहीं किए है‌ं।

Next Post

एकीकृत कीट प्रबंधन प्रणाली लागू कर रही है सरकार

Fri Dec 6 , 2024
Share on Facebook Tweet it Share on Reddit Pin it Share it Email नयी दिल्ली,06 दिसंबर (वार्ता) केंद्र सरकार के कृषि आयुक्त पी.के. सिंह ने कृषि में स्थिरता के महत्व पर जोर देते हुए शुक्रवार को कहा कि भारतीय कृषि प्रणाली में सतत प्रक्रियाओं को बढ़ावा देने के लिए एकीकृत […]

You May Like

मनोरंजन