पंजाब में आप ने तीन सीटों पर भारी मतों के अंतर से जीत दर्ज़ की : केजरीवाल

नयी दिल्ली, 23 नवंबर (वार्ता) आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा है कि 2013, 2015, 2020 के बाद आम आदमी पार्टी अब 2025 में दिल्ली जीतकर इतिहास रचने जा रही है।

श्री केजरीवाल ने कहा कि आज पंजाब में चार सीटों पर हुए उपचुनाव के नतीजे आए हैं। चार में से तीन सीटें आप भारी बहुमत से जीत गई है। खास बात यह है कि जो तीन सीटें हम जीते हैं, यह इसके पहले हमारी सीटें नहीं थीं। यह तीनों पहली बार जीते हैं। वर्ष 2022 की आंधी में भी यह तीनों सीट हम नहीं जीते थे। वर्ष 2022 में जनता ने आम आदमी पार्टी को 117 में से 92 सीटें दी थीं। आज पंजाब के अंदर हमारी 95 सीटें हो गई हैं। सबसे बड़ी बात यह है कि इन तीनों सीटों के ऊपर भारतीय जनता पार्टी की जमानत जब्त हो गई है।

उन्होंने कहा कि आप ने जिस तरह से देश की राजनीति में धमक की है, वह एक बहुत बड़ी बात है। पहली बार दिल्ली के लोगों ने हमें ढेर सारा प्यार दिया, विश्वास दिया और 2013 में 49 दिन की हमारी सरकार बनी थी। हमने 49 दिन में बिजली सस्ती कर दी। पानी मुफ्त कर दिया और दिल्ली में जगह-जगह भ्रष्टाचार के खिलाफ हमला हुआ। उस वक्त अपनी पहली बार 70 में से 28 सीट आई थी। उसको देखकर एक साल बाद 2015 में जनता ने 70 में से 67 सीट दी थी।

आप नेता ने कहा कि अभी तक इस देश के अंदर 70 साल में दूसरी पार्टियां जनता की बात ही नहीं करती थी। जनता की सहूलियत, बिजली, पानी, सड़क की बात ही नहीं करती थी। पहली बार हमने दिल्ली में 24 घंटे बिजली दी। हमने बिजली मुफ्त कर दी। हमने पानी मुफ्त कर दिया। हमने बच्चों के लिए शानदार स्कूल बना दिए। एक तरफ हमने आम आदमी, गरीब आदमी, माध्यम वर्ग को महंगाई से छुटकारा दिलाया और उसकी दिन पर दिन की जिंदगी को बेहतर किया। दूसरी तरफ हमने दिल्ली के इंफ्रास्ट्रक्चर को भी शानदार बनाया।

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि चार सीटों पर उपचुनाव हुए और इन चार में से तीन विधानसभा सीटों पर हमें जबरदस्त जीत मिली है। यह तीनों सीटें आम आदमी पार्टी ने पहली बार जीती हैं। पहले हम इस झाडू से सिर्फ मकान या दुकान साफ करते थे, अब श्री अरविंद केजरीवाल की अगुवाई में इस झाडू से पूरा हिंदुस्तान साफ किया जाएगा। हम जनता के पैसे से जनता को सुविधाएं दे रहे हैं, तो ये लोग इसे मुफ्त की रेवड़ियां कह रहे हैं। हम जीतकर आए हैं और आगे भी जीतेंगे। अब अगली बारी दिल्ली की है, हम मिलकर दिल्ली जीतेंगे।

पंजाब विधानसभा उपचुनाव में आम आदमी पार्टी को मिली शानदार जीत पर आप के राज्यसभा सांसद डॉ संदीप पाठक ने कहा कि पंजाब में हमारे लोकप्रिय नेता अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान की काम की राजनीति की जीत हुई है। पंजाब की जनता ने अरविंद केजरीवाल की काम की राजनीति पर मुहर लगा दी है। पंजाब की जनता ने साबित कर दिया है कि वह पूरी तरीके से आम आदमी पार्टी द्वारा किए जा रहे कार्यों से खुश है।

Next Post

यादव की विदेश यात्रा मध्‍यप्रदेश के औद्योगिक विकास में मील का पत्थर साबित होगी-विष्णुदत्त

Sat Nov 23 , 2024
Share on Facebook Tweet it Share on Reddit Pin it Share it Email भोपाल, 23 नवंबर (वार्ता) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने आज मुख्यमंत्री निवास पहुंचकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को निवेश संवर्धन और औद्योगिक विकास के लिए 6 दिवसीय विदेश यात्रा पर रवाना होने […]

You May Like

मनोरंजन