नयी दिल्ली 05 मई (वार्ता) यमन और अखिलेश देवरानी के गोलों से नॉर्दन यूनाइटेड फुटबाल क्लब ने अजमल एफसी को 2- 1 से हरा कर डीएसए पुरुष सीनियर डिवीजन लीग के संघर्षपूर्ण मुकाबले में जीत दर्ज की।
अम्बेडकर स्टेडियम मैदान पर खेले गए इस मुकाबले में नॉर्दन यूनाइटेड के लिए यमन और अखिलेश ने गोल किये वहीं पराजित टीम के लि नवजिन्दर ने गोल दागा। एक अन्य मुकाबले में शास्त्री फुटबाल क्लब ने एम 2 एम को 2-1 से हराया। शास्त्री के लिए वसलामसुक और होवगोथांग होकिप ने गोल किए। शाइबोर ने पराजित टीम का गोल दागा। सीनियर डिवीजन मुकाबले में नोर्दन यूनाइटेड और अजमल का मुकाबला दमदार रहा और दोनों टीमों ने कई अच्छे मूव बनाए। लेकिन शास्त्री और एम 2 एम के बीच खेला गया मैच खानापूर्ति से ऊपर नहीं उठ पाया।
नेहरू स्टेडियम परिसर में खेली जा रही महिला प्रीमियर लीग में हॉप्स ने वर्षा रानी की तिकड़ी सहित जमाए चार गोलों से ईमी हीरोज एफसी को 6-0 से पीटा। शैजा और रजनी बाला ने एक-एक गोल दागे। एक अन्य मैच में सुदेवा दिल्ली एफसी ने ईमी हीरोज एफसी को 2-0 से परास्त किया। सुदेवा के लिए तनु और अनीता ने गोल किये। के हरितालिका को प्लेयर ऑफ द मैच से नवाजा गया।

