भाजपा संगठन की परवाह नहीं कर रही हैं उषा ठाकुर

सियासत

कैलाश विजयवर्गीय के लगातार महू विधानसभा क्षेत्र में बढ़ते प्रभाव और दखल के कारण पूर्व मंत्री उषा ठाकुर इन दिनों राजनीतिक रूप से परेशान हैं। इसी वजह से कल उन्होंने विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की जमानत जप्त करा चुके उम्मीदवार रामकिशोर शुक्ला को भाजपा में प्रवेश दिलवा दिया। कुछ दिन पूर्व जब अंतर सिंह दरबार की सदस्यता हुई थी तो उषा ठाकुर ने उसका विरोध किया था। बाद में एक कार्यक्रम के दौरान कैलाश विजयवर्गीय ने कहा था कि रामकिशोर शुक्ला मेरे पास भाजपा के सदस्यता लेने के लिए आए थे लेकिन मैंने कहा कि अभी दीदी नाराज है। कुछ दिन ठहरो। अंतर सिंह दरबार ने जिस धमाकेदार तरीके से भाजपा में प्रवेश लिया उससे उषा ठाकुर के समर्थकों में निराशा देखी गई थी। यही वजह थी कि उषा ठाकुर जल्दी से जल्दी रामकिशोर शुक्ला को भाजपा में लेना चाहती थी ताकि अंतर सिंह दरबार को काउंटर किया जा सके। इस पूरे मामले में भाजपा ग्रामीण जिला अध्यक्ष चिंटू वर्मा ने कहा कि उन्हें रामकिशोर शुक्ला के भाजपा में प्रवेश की कोई जानकारी नहीं है। सूत्रों का कहना है कि उषा ठाकुर ने बाले बाले ही अपने घर रामकिशोर को बुलाकर भाजपा में प्रवेश दिलवा दिया। कुल मिलाकर इन दिनों कैलाश विजयवर्गीय और उषा ठाकुर के बीच चल रहे राजनीतिक शीत युद्ध की पार्टी में बड़ी चर्चा है। दोनों परोक्ष रूप से एक दूसरे पर राजनीतिक हमले कर रहे हैं। उषा ठाकुर आजकल विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 1 में ज्यादा सक्रिय हैं। यह विधानसभा क्षेत्र उषा ठाकुर का गृह क्षेत्र है। इसी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत संगम नगर की वे निवासी हैं। हाल ही में एक अवैध कॉलोनी का अतिक्रमण हटाने को लेकर उषा ठाकुर ने कैलाश विजयवर्गीय और उनके समर्थक पार्षद अश्विन शुक्ल को घेरा था। अश्विन शुक्ल ने भी खुलकर उषा ठाकुर के भाई अंबू ठाकुर पर भू माफिया होने का आरोप लगाया था। बहरहाल,भाजपा छोडक़र कांग्रेस में गए और फिर से भाजपा में लौटे राम किशोर शुक्ला ने उस समय उषा ठाकुर की परेशानी बढ़ा दी, जब उन्होंने उषा ठाकुर को मुख्यमंत्री बनाने की मांग की। दरअसल,उषा ठाकुर वैसे ही मंत्री नहीं बनने से परेशान चल रही हैं। ऐसे में रामकिशोर शुक्ला ने भाजपा में प्रवेश करते ही यह नारा लगा दिया कि प्रदेश का मुख्यमंत्री कैसा हो उषा दीदी जैसा हो.. रामकिशोर शुक्ला के इस बयान की भाजपा में बड़ी चर्चा है।

Next Post

छत्तीसगढ़ के दुर्ग में सड़क हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर 14 हुई , साय ने जताया दुख

Wed Apr 10 , 2024
रायपुर 10 अप्रैल (वार्ता) छत्तीसगढ़ में दुर्ग जिले के कुम्हारी में मंगलवार की रात बस हादसे में घायलों में कुछ और लोगों की मौत के बाद मृतकों की संख्या बढ़कर 14 हो गयी है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक कुम्हारी के समीप केडिया डिस्टलरी के कर्मचारियों को लेकर जा रही बस […]

You May Like