भोपाल, 17 अक्टूबर (वार्ता) मध्यप्रदेश के बुधनी और विजयपुर विधानसभा उपचुनाव में प्रत्याशी चयन और अन्य मुद्दों को लेकर आज यहां मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं की बैठक हुयी, जिसमें प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी और पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव भी मौजूद रहे।
प्रदेश कांग्रेस के अनुसार बैठक के दौरान उपचुनावों में पार्टी की तैयारियों को लेकर चर्चा हुयी। प्रत्याशी चयन के मामले को लेकर भी विमर्श हुआ। बैठक में श्री पटवारी और बुधनी उपचुनाव के संयोजक अरुण यादव, पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा, शैलेंद्र पटेल और विजयपुर विधानसभा उपचुनाव के संयोजक अशोक सिंह, पूर्व मंत्री जयवर्धन सिंह, लाखन सिंह (वीडियो कांफ्रेंसिंग) के जरिए मौजूद रहे। बैठक में “इंडिया” गठबंधन के सहयोगी दल समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मनोज यादव ने भी अपने विचार व्यक्त किए।
बुधनी और विजयपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए कल यानी शुक्रवार को चुनाव संबंधी अधिसूचना जारी होने के साथ ही नामांकनपत्र भरने का काम प्रारंभ हो जाएगा, जो 25 अक्टूबर तक चलेगा। इनकी जांच 28 अक्टूबर को की जाएगी और नाम वापसी के लिए 30 अक्टूबर का दिन निर्धारित किया गया है। मतदान 13 नवंबर को होने के बाद मतगणना 23 नवंबर को होगी।
पूर्व मुख्यमंत्री एवं वरिष्ठ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता शिवराज सिंह चौहान के बुधनी विधायक पद से त्यागपत्र देने के कारण यहां उपचुनाव हो रहा है। श्री चौहान विदिशा से सांसद चुने गए थे, इसलिए उन्होंने यह सीट छोड़ दी। इसके अलावा श्योपुर जिले की विजयपुर सीट से कांग्रेस विधायक रामनिवास रावत ने त्यागपत्र दिया है। वे लोकसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हो गए थे और वर्तमान में भाजपा सरकार में वन मंत्री हैं। इस बार भाजपा के टिकट पर श्री रावत चुनाव मैदान में होंगे। बुधनी के लिए तीन चार नामों का पैनल केंद्रीय नेतृत्व को भेजा गया है।