जम्मू में भाजपा के खिलाफ परिवर्तन की लहर शुरू: कांग्रेस

जम्मू, 05 अप्रैल (वार्ता) कांग्रेस नेताओं ने जम्मू क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के खिलाफ परिवर्तन की लहर शुरू होने का दावा करते हुए शुक्रवार को कहा कि इससे भाजपा के शीर्ष नेता घबरा गये हैं और इसे रोकने की नाकाम कोशिश करने के लिए जम्मू पहुंच रहे हैं।

कांग्रेस ने आज यहांं घर-घर जाकर चुनाव प्रचार अभियान शुरू किया। पार्टी सचिव एवं जम्मू-कश्मीर मामलों के सह प्रभारी मनोज यादव, कार्यकारी अध्यक्ष रमन भल्ला, वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं मुख्य प्रवक्ता रविंदर शर्मा, उपाध्यक्ष योगेश साहनी, वेद महाजन, डीसीसी जम्मू के अध्यक्ष ठाकुर मनमोहन सिंह और महासचिव (संगठन) नरिंदर गुप्ता ने कांग्रेस का ‘नया पत्तर’ (गारंटी कार्ड) जारी किया।

श्री यादव ने कहा कि जम्मू-कश्मीर प्रभारी भरत सिंह सोलंकी ने सुबह हर घर में गारंटी कार्ड वितरित करने के लिए कांग्रेस उम्मीदवार रमन भल्ला और इलाके के अन्य प्रमुख नेताओं के साथ घर-घर अभियान शुरू किया, जिसमें 90 प्रतिशत लोगों की प्रतिक्रिया बहुत उत्साहजनक थी। उन्होंने कहा कि जम्मू क्षेत्र में भाजपा के खिलाफ बदलाव की बयार बहनी शुरू हो गयी है।

श्री भल्ला ने हर क्षेत्र में जम्मू क्षेत्र के लोगों के साथ विश्वासघात के लिए भाजपा पर हमला बोला, जिसके परिणामस्वरूप दोनों सीटों पर कांग्रेस को जबरदस्त प्रतिक्रिया मिल रही है। उन्होंने शरणार्थी समुदाय के मुद्दों का जिक्र किया और उनकी मांगों का पूरा समर्थन करने का आश्वासन दिया।

उन्होंने कहा कि जम्मू का हर वर्ग चाहे वह युवा हो, किसान हो, व्यापारी हो, मजदूर हो या महिलाएं, भाजपा सरकार की नीतियों और उनकी शिकायतों का निवारण करने में स्थानीय प्रतिनिधियों की विफलता के तले दबा हुआ है।

उन्होंने कहा कि भाजपा और स्थानीय प्रतिनिधियों को सबक सिखाने के लिए मतदाताओं को जागरूक करने के वास्ते निर्वाचन क्षेत्र के सभी हिस्सों में घर-घर प्रचार अभियान तेज किया जायेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा और स्थानीय प्रतिनिधियों ने 10 वर्षों में लोगों के लिए कुछ नहीं किया। श्री भल्ला ने कहा कि अगर कांग्रेस सत्ता में आयी तो आंगनवाड़ी और आशा कार्यकर्ताओं का वेतन दोगुना किया जाएगा, साथ ही शिक्षित युवाओं और गरीब महिलाओं को प्रति वर्ष एक लाख रुपये मिलेंगे।

श्री शर्मा ने बताया कि कांग्रेस ने घोषणापत्र में सत्ता में आने के तुरंत बाद लद्दाख के लिए छठी अनुसूची में संशोधन करने के अलावा जम्मू-कश्मीर का राज्य का दर्जा बहाल करने का वादा किया है।

एक और महत्वपूर्ण बात यह है कि अनुसूचित जनजाति बहुल आबादी वाले क्षेत्रों को अनुसूचित दर्जा भी मिलेगा, जो पीर पंजाल क्षेत्र के लिए बहुत महत्वपूर्ण है। कांग्रेस पार्टी ने पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर के शरणार्थियों के शोषण की कड़ी आलोचना की, जिन्हें आठ सीटों के वादे के बदले केवल एक सीट के अलावा 2014 के पूर्ण पैकेज के लाभ से वंचित किया गया था, लेकिन अब उन्हें अपनी जमीन बेचने के अधिकार से वंचित किया जा रहा है। श्री शर्मा ने कहा कि कांग्रेस पूरी तरह से शरणार्थियों/विस्थापित समुदाय की उचित मांगों के लिए उनके साथ खड़ी है। इस अवसर पर कपिल सिंह, नीरज गुप्ता, राजवीर सिंह, माइकल वजीर और जतिन के. रैना भी मौजूद थे।

Next Post

कांग्रेस की दिल्ली, हरियाणा तथा दादर नगर हवेली को लेकर बैठक

Fri Apr 5 , 2024
नयी दिल्ली, 05 अप्रैल (वार्ता) कांग्रेस की हरियाणा, दिल्ली तथा दादर नगर हवेली के लोकसभा चुनाव में उम्मीदवारों के चयन के लिए शुक्रवार को यहां पार्टी मुख्यालय में बैठक हुई। कांग्रेस सूत्रों ने बताया कि बैठक कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडगे, कांग्रेस संसदीय दल की नेता सोनिया गांधी और पार्टी महासचिव-संगठन […]

You May Like