उज्जैन: शहर के संभ्रांत परिवार की महिलाओं से किटी पार्टी गु्रप से जोडकर मेल जोल बढ़ाकर चेन सिस्टम से इन्वेस्मेंट के नाम पर शातिर महिला ने आधा दर्जन महिलाओं के साथ 2 करोड़ 35 लाख रुपए से ज्यादा की ठगी कर दी। धोखाधड़ी का शिकार हुई महिलाओं ने पुलिस को शिकायत दर्ज कराई तो शातिर महिला को गिरफ्तार कर रिमांड पर लिया गया है।
वीडी मार्केट में रहने वाली तनुजा गोयल पर शहर की संभ्रांत परिवार की आधा दर्जन से ज्यादा महिलाओं से 2 करोड़ 35 लाख 80 हजार रुपए ठगने के आरोप लगाया है। तनुजा गोयल ने शुरू में प्रापर्टी में मोटा मुनाफा कराने का प्रलोभन देकर महिलाओं से रुपये लिये। कुछ समय तो उसने प्रॉफिट के रुपए दिए फिर उसने रुपए देने से मना कर दिया। तब महिलाओं को उनके साथ हुई धोखाधड़ी का पता चला।
शिकायतकर्ता फरियादी पूनम जैन ने पुलिस को बताया कि हमारी जान पहचान आरोपी तनुजा गोयल से करीब एक साल पहले हुई थी। तनुजा ने एक किटी पार्टी का ग्रुप बनाया था। चुनाव से पहले हमसे दोस्ती की और किटी पार्टियों में अपने घर वीडी मार्केट बुलाया। हमें प्रोपर्टी खरीदकर व्यापार कर रुपए डबल करने संबंधी बड़ी डील करके प्रॉफिट कराने का प्रलोभन दिया। हम लोग तनुजा गोयल की बातों में आ गए। मैंने 08.09.2023 से लगातार तनुजा को रुपए फोन पे के माध्यम से दिए। कुछ समय बाद अपनी चार लाख रुपए की एफडी तुड़वाकर तनुजा को कैश घर जाकर दिये थे।