मातृ सत्तात्मक संस्कृति भारत की पहचान: यादव

सागर/गुना, मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने आज कहा कि दुनिया के लिए भारत और भारत की संस्कृति यह एक बहुत बड़ा रहस्य है, आश्चर्य है। दुनिया के अन्य देशों में देश से जुड़े हुए सारी व्यवस्था पुरुषों पर ही आधारित है। लेकिन भारत की संस्कृति मातृ सत्तात्मक है।
डॉ यादव ने यह बात भाई-दूज के अवसर पर सागर के बेलहरा एवं गुना के बीनागंज में आयोजित नारी शक्ति वंदन कार्यक्रम में संबोधित करते हुए कही। मुख्यमंत्री ने कहा कि मां भगवान का साक्षात स्वरूप है, श्रद्धा और आस्था की मूर्ति है। भगवान को हमने देखा नहीं, लेकिन मां को देख लो तो भगवान के दर्शन अपने-आप हो जाते हैं। हम भारत के लोग समूची पृथ्वी को मां के रूप में देखते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस तरह मां हमें जन्म देती है, हमें रिश्तों से जोड़ती है, उसी तरह बहनों से हमें दुलार मिलता है। हमारे माथे पर बहनों का लगाया तिलक और हाथों में बांधा जाने वाला धागा हमारी शक्ति का आधार बनता है। यह हमें दुनिया की किसी भी ताकत से लड़ने का साहस और पराक्रम देता है तथा हमारे सिर को किसी के आगे झुकने नहीं देता। इसलिए भाई-दूज पर सभी बहनों को प्रणाम करते हैं।
डॉ यादव ने कहा कि देश में बहनों की तकलीफों को अगर सबसे पहले किसी ने समझा है, वो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हैं। उन्होंने माता-बहनों की समस्याओं को समझते हुए हर घर में शौचालय बनवाए। करोड़ों बहनों को पक्के घर दिए, इन घरों में नल से पानी पहुंचाया और करोड़ों बहनों को उज्जवला गैस कनेक्शन देकर धुएं से मुक्ति दिलाई। प्रधानमंत्री ने बहनों के राजनीतिक सशक्तीकरण के लिए उन्हें लोकसभा और विधानसभाओं में 33 प्रतिशत आरक्षण देने का प्रावधान किया। इसके बाद बहनों की जिम्मेदारी और बढ़ गई है।
उन्होंने कहा कि इस देश में जहां बड़ी संख्या में मेरे-आपके जैसे कमल संस्कृति को मानने वाले लोग हैं, तो कीचड़ फैलाने वाले लोग भी हैं। उनके फैलाए इस कीचड़ में कमल खिलाने और भाजपा को प्रचंड जीत दिलाने की जिम्मेदारी भी बहनों पर है। आप सभी भाई-दूज पर्व पर लोकसभा चुनाव में कमल खिलाने का संकल्प लें।
डॉ यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश में हमारे पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बहनों के सशक्तीकरण का बीड़ा उठाया और लाड़ली बहना योजना शुरू की। कांग्रेस के लोग कहते थे, यह योजना तो सिर्फ चुनाव तक रहेगी, सरकार के पास पैसे ही नहीं हैं बहनों को देने के लिए। इसलिए यह योजना बंद हो जाएगी। लेकिन यह योजना न आज बंद हुई और न कल बंद होगी, यह हमेशा चलती रहेगी।
उन्होंने कहा कि हम भाजपा के लोग मन के किसी भाव को सभी के सामने तभी लाते हैं, जब उसका कोई आधार है। हमने सोच-विचार के बाद योजनाएं लागू की हैं और बहनों के सशक्तीकरण की कोई भी योजना प्रदेश में बंद नहीं होगी। उन्होंने कहा कि हम जिन देवी-देवताओं को मानते हैं, जिनसे हमारी पहचान है, अंग्रेजों ने सबसे पहले हमारे उन्हीं देवी-देवताओं भगवान राम, कृष्ण तथा महापुरुषों महाराणा प्रताप, वीर शिवाजी, कबीर दास जी, तुलसीदास आदि को विस्मृत करने का षडयंत्र रचा। उन्हें पाठ्यक्रमों में शामिल नहीं किया गया। वो हमें नास्तिक बनाने लगे। उन्होंने सोचा कि जब हिन्दुस्तान की पहचान ही नहीं रहेगी, तो हिदुस्तान कहां बचेगा। लेकिन प्रधानमंत्री श्री मोदी ने उस शिक्षा नीति को बदलकर नई शिक्षा नीति लागू की है, जिसमें हमारे देवी देवताओं और महापुरुषों को उचित स्थान दिया गया है।
डॉ यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश में हमारी सरकार जहां-जहां भी भगवान श्री राम और श्रीकृष्ण के कदम पड़े हैं, उन स्थानों को तीर्थ के रूप में विकसित करेगी। उन्होंने कहा कि देश की आजादी के बाद भी कांग्रेस ने जानबूझकर रामजन्म भूमि विवाद को 70 सालों तक लटकाए रखा ताकि वह उसे हिंदू-मुसलमानों को लड़ाने के हथियार के तौर पर उपयोग कर सके। अदालत में सुनवाई के दौरान कांग्रेस के वकीलों ने भगवान राम के जन्म पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि वे उच्चतम न्यायालय को धन्यवाद देते हैं, जिसके निर्णय से राम जन्मभूमि पर भगवान श्री राम का मंदिर बनने का रास्ता साफ हुआ।
डॉ यादव सागर लोकसभा के सुरखी विधानसभा में आयोजित नारी शक्ति वंदन कार्यक्रम में शामिल होकर बहनों से संवाद किया। यहां बहनों ने मुख्यमंत्री का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया और तिलक लगाकर रक्षासूत्र बांधा। तत्पश्चात मुख्यमंत्री ने बहनों पर पुष्पवर्षा कर स्वागत भी किया।
गुना जिले के चाचौड़ा विधानसभा के बीनागंज में आयोजित नारी शक्ति वंदन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राजगढ़ लोकसभा क्षेत्र से भाजपा ने जबरदस्त प्रत्याशी रोडमल नागर को चुनाव मैदान में उतारा है। वहीं कांग्रेस पार्टी ने यहां से एक ऐसे नेता को प्रत्याशी बनाया है, जो चुनाव ही नहीं लड़ना चाहते थे। भाजपा ने जबरदस्त तो कांग्रेस ने जबरदस्ती का प्रत्याशी उतारा है। भाजपा ने प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में देश और प्रदेश की पूरी नारी शक्ति का सम्मान बढ़ाया है। हमारी नारी शक्ति पुरूषों से पीछे नहीं हैं। भाजपा नारी सशक्तिकरण के लिए लगातार कार्य कर रही है और आगे भी तत्पर रहेगी।
डॉ यादव ने कहा कि राजगढ़ से जबरदस्ती वाले प्रत्याशी भी उसी कांग्रेस पार्टी ने दिया है, जिसने 500 सालों के संघर्ष के बाद अयोध्या में भगवान श्रीराम की प्राण-प्रतिष्ठा का निमंत्रण ठुकराया था। प्रधानमंत्री श्री मोदी स्वयं अयोध्या पहुंचकर जब भगवान श्रीराम की प्राण-प्रतिष्ठा में शामिल हुए और देशभर के वरिष्ठ कलाकार, उद्योगपति, ऋषि मुनि सहित सभी क्षेत्र की जानी-मानी हस्तियां अयोध्या पहुंचीं, लेकिन कांग्रेस ने आमंत्रण को ठुकरा दिया। उन्होंने जनता का आह्वान करते हुए कहा कि क्या आप लोग ऐसी पार्टी को वोट देना पसंद करेंगे, जो करोड़ों-करोड़ सनातनियों के आराध्य देव प्रभु श्रीराम की प्राण-प्रतिष्ठा का निमंत्रण ठुकराए।
कार्यक्रम को राजगढ़ लोकसभा से पार्टी प्रत्याशी रोडमल नागर और गुना जिला अध्यक्ष धर्मेन्द्र सिंह सिकरवार ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर राजगढ़ जिला अध्यक्ष ज्ञान सिंह गुर्जर, चाचौड़ा विधायक प्रियंका मीणा, बीनागंज नगर परिषद अध्यक्ष सुनीता नागर सहित नारी शक्ति मंचासीन थीं।

Next Post

भारत निर्वाचन आयोग द्वारा नियुक्त 16 प्रेक्षक पहुंचे अपने लोकसभा क्षेत्रों में

Wed Mar 27 , 2024
भोपाल, मध्यप्रदेश के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी अनुपम राजन ने बताया है कि मध्यप्रदेश में प्रथम चरण के लोकसभा चुनाव के लिए भारत निर्वाचन आयोग द्वारा 16 प्रेक्षक नियुक्ति किए गए हैं। इसमें सामान्य प्रेक्षक, पुलिस प्रेक्षक व व्यय प्रेक्षक शामिल हैं। सभी प्रेक्षक संबंधित लोकसभा क्षेत्रों में पहुंच गए हैं। […]

You May Like