जबलपुर। शहर में बिजली चोरी के मामलों में लंबे समय से न्यायालयीन कार्रवाई से बच रहे आरोपियों के खिलाफ विद्युत विभाग और पुलिस प्रशासन ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की। शहर के विभिन्न थाना क्षेत्रों से 20 से अधिक वारंटियों को गिरफ्तार किया गया। इनमें से 10 से अधिक आरोपियों को रविवार को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेजने की कार्रवाई की गई। इस अभियान में नौ वर्ष पुराने विद्युत चोरी के प्रकरणों तक में जारी वारंटों की तामिली कराई गई।
विद्युत विभाग के अनुसार, शहर में लाइन लॉस कम करने और बिजली चोरी पर अंकुश लगाने के लिए लगातार जांच एवं कार्रवाई की जा रही है। बिजली चोरी की शिकायत मिलने पर विभागीय कर्मचारी मौके पर जांच कर पंचनामा तैयार करते हैं। इसके बाद नियमानुसार अनंतिम आदेश जारी कर संबंधित व्यक्ति को भुगतान एवं अपना पक्ष रखने का अवसर दिया जाता है। निर्धारित प्रक्रिया पूरी होने के बाद भी प्रकरण का निराकरण नहीं होने पर मामला न्यायालय में प्रस्तुत किया जाता है। न्यायालय द्वारा पहले सामान्य पेशी के नोटिस जारी किए जाते हैं। संबंधित व्यक्ति के उपस्थित नहीं होने पर जमानती वारंट, गैर-जमानती वारंट और अंतत: स्थायी वारंट जारी होते हैं। इसके बावजूद कई आरोपी लंबे समय तक न्यायालय में उपस्थित नहीं हो रहे थे। कुछ प्रकरण नौ वर्ष पुराने तक के थे, जिनमें जारी वारंटों की तामिली नहीं हो पा रही थी। विद्युत विभाग द्वारा ऐसे प्रकरणों को चिह्नित कर जिला पुलिस प्रशासन से वारंटों की प्राथमिकता के आधार पर तामिली कराने का आग्रह किया गया था। इसके बाद पुलिस ने विशेष अभियान चलाया, जो देर रात तक जारी रहा। शहर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने दबिश देकर 20 से अधिक वारंटियों को गिरफ्तार किया। अगले दिन 29 नवंबर को गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से 10 से अधिक आरोपियों को जेल भेजने की कार्रवाई की गई।
इन वारंटियों के नाम आए सामने
विद्युत विभाग से प्राप्त वारंट सूची एवं अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार, कार्रवाई में शामिल प्रमुख नामों में रितु कोरी निवासी सदर, नाना नुनिया निवासी माढ़ोताल, धन्नू पटेल निवासी करौंदा, विजय मलिक निवासी बिलहरी, वसीम अहमद निवासी गाजी नगर, रामचरण निवासी उजारपुरवा, अनुसूया रैकवार निवासी आगा चौक, जाकिर हुसैन निवासी लार्डगंज, अतुल कुमार सोनी निवासी गढ़ा फाटक और संतोष चौधरी निवासी संजीवनी नगर शामिल हैं।
कुछ वारंटियों के निधन की भी मिली जानकारी
वारंटों की तामिली के दौरान पुलिस प्रशासन द्वारा कुछ ऐसे व्यक्तियों के संबंध में भी जानकारी दी गई, जिनका निधन हो चुका है। ऐसे मामलों में संबंधित व्यक्तियों की वास्तविक स्थिति का सत्यापन कर नियमानुसार वैधानिक एवं अभिलेखीय प्रक्रिया अपनाई जाएगी।

