भोपाल। भोपाल में 14वें भोपाल पॉटर्स मार्केट का तीन दिवसीय आयोजन रविवार को संपन्न हो गया। इस दौरान देश-विदेश के प्रतिभाशाली कलाकारों और पॉटरी आर्टिस्ट्स ने अपनी कला और हुनर का प्रदर्शन किया। मार्केट में मिट्टी से बनी खूबसूरत कलाकृतियों के साथ कई तरह के अनोखे हैंडमेड आर्ट पीसेज देखने को मिले, जो आम बाजारों में आसानी से उपलब्ध नहीं होते। आयोजन के तीनों दिन बड़ी संख्या में लोग पहुंचे और अलग-अलग कलाकृतियों में दिलचस्पी दिखाई।
ग्राहकों का कहना था कि इस तरह के आयोजन से लोगों को अपनी कला और संस्कृति से जुड़ने का मौका मिलता है। ऐसे आयोजनों में ज्यादा से ज्यादा लोगों को शामिल होना चाहिए, ताकि कलाकारों के हुनर को पहचान मिल सके। वहीं, दुकानदारों और कलाकारों ने भी आयोजन को लेकर खुशी जाहिर की। उनका कहना था कि इस बार अच्छा क्राउड पहुंचा और कलाकृतियों की अच्छी बिक्री हुई।
पॉटर्स मार्केट में कला और खरीदारी के साथ सांस्कृतिक गीत-संगीत की प्रस्तुतियां भी आकर्षण का केंद्र रहीं। तीन दिनों तक चले इस आयोजन ने कलाकारों को अपनी कला प्रदर्शित करने का मंच दिया, वहीं भोपालवासियों को देशभर की अलग-अलग कलाओं और शिल्प को करीब से देखने का अवसर मिला।
