
इंदौर. संयोगितागंज थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात चेकिंग के दौरान तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने दो पुलिसकर्मियों को टक्कर मार दी. हादसे के बाद चालक स्टॉपर तोड़कर गाड़ी समेत भाग निकला. पुलिस ने पीछा कर करीब तीन किलोमीटर दूर तिलक नगर क्षेत्र में घेराबंदी कर दो युवकों को पकड़ लिया. हादसे में घायल एक हेड कॉन्स्टेबल को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई, जबकि दूसरे पुलिसकर्मी का अस्पताल में इलाज जारी है.
देर रात पीसी सेठी अस्पताल से नवलखा की ओर आ रही काले रंग की स्कॉर्पियो को चेकिंग के दौरान रोकने का प्रयास किया था. चालक ने गाड़ी रोकने के बजाय स्टॉपर को टक्कर मार दी और तेज रफ्तार से आगे बढ़ गया. इस दौरान वहां मौजूद हेड कॉन्स्टेबल राजेश मिश्रा और कॉन्स्टेबल लाल साहब गाड़ी की चपेट में आकर घायल हो गए. घटना के बाद पुलिस टीम ने वायरलेस सेट पर सूचना देकर स्कॉर्पियो का पीछा शुरू किया. तिलक नगर क्षेत्र में घेराबंदी कर गाड़ी को रोक लिया. पुलिस ने स्कॉर्पियो चला रहे अनुज मीणा और उसके साथ मौजूद शिवम को पकड़ लिया. प्रारंभिक जांच में दोनों का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड नहीं मिला है. पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है. स्कॉर्पियो जब्त कर ली गई है. गाड़ी के आगे ‘दादा’ लिखा हुआ था. घायल पुलिसकर्मियों को निजी अस्पताल पहुंचाया. हेड कॉन्स्टेबल राजेश मिश्रा को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई, जबकि कॉन्स्टेबल लाल साहब का इलाज जारी है. उनकी हालत सामान्य बताई जा रही है. पुलिस ने दोनों युवकों के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा डालने, लापरवाही से वाहन चलाने और चोट पहुंचाने के मामले में प्रकरण दर्ज किया है. एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया ने बताया कि चेकिंग के दौरान पुलिसकर्मियों को टक्कर मारकर भागने वाले दोनों युवकों को पकड़ लिया है, मामले में आगे की जांच की जा रही है.
