
यरूशलम, 29 नवंबर (वार्ता) इज़रायल में पिछले महीने हुए आम चुनावों के बाद बने गतिरोध को समाप्त करने के लिए कार्यवाहक प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और विपक्ष के नेता गादी आइसेनकोट के बीच बातचीत जारी है। यह जानकारी बीबीसी ने रविवार को दी।
अक्टूबर के चुनाव में श्री नेतन्याहू के गुट को 53 सीटें मिलीं जबकि चार पार्टियों के श्री आइसेनकोट गुट को 48 सीटें मिलीं; इस तरह 120 सीटों वाली नेसेट (संसद) में दोनों ही बहुमत के आंकड़े तक नहीं पहुंच पाए।
श्री नेतन्याहू ने शनिवार को बारी-बारी से प्रधानमंत्री बनने की व्यवस्था वाली एक राष्ट्रीय एकता सरकार का प्रस्ताव रखा और कहा कि उन्हें इस बात से कोई आपत्ति नहीं है कि पहले श्री आइसेनकोट ही प्रधानमंत्री बनें। सरकार बनाने की समय-सीमा छह दिसंबर को खत्म हो रही है और श्री आइसेनकोट के पास अब एक हफ्ते का समय है।
श्री नेतन्याहू ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, “एक नेता के रूप में मेरी जिम्मेदारी है कि मैं बाकी सब कुछ एक तरफ रख दूं, जिसमें ‘सबसे बड़ी पार्टी’ का सिद्धांत भी शामिल है।” उन्होंने आगे कहा कि वह इस बात पर सहमत होंगे कि श्री आइसेनकोट “पहले प्रधानमंत्री के रूप में काम करें, जबकि कार्यकाल की शुरुआत में मैं वैकल्पिक प्रधानमंत्री के रूप में काम करूंगा।”
पूर्व सेना प्रमुख आइसेनकोट ने श्री नेतन्याहू को ईमानदार और त्वरित बातचीत के लिए आमंत्रित करते हुए जवाब दिया। इससे पहले शुक्रवार को श्री आइसेनकोट ने श्री नेतन्याहू की दक्षिणपंथी लिकुड पार्टी पर आरोप लगाया था कि वह नए चुनाव कराने के मकसद से गठबंधन वार्ता को टाल रही है।
इज़रायल के राष्ट्रपति इसाक हर्ज़ोग ने बताया कि 27 अक्टूबर को हुए चुनाव के बाद, उन्होंने एक हफ्ते के दौरान सभी दलों से बातचीत की और उन्होंने श्री आइज़ेनकोट को 28 दिनों के भीतर सरकार बनाने की ज़िम्मेदारी सौंपी।
श्री आइसेनकोट श्री नेतन्याहू को सत्ता से हटाने के लिए एक गठबंधन बनाने की कोशिश कर रहे हैं और उन्होंने बहुमत हासिल करने की दिशा में कुछ प्रगति भी की है, जिसके तहत उन्होंने दो दलों के साथ गठबंधन के समझौते किए हैं लेकिन अरब पार्टियों के साथ काम करने का विरोध और अति-रूढ़िवादी पार्टियों के साथ किसी समझौते पर पहुंचने में आ रही कठिनाइयों ने अब तक इन प्रयासों में बाधा डाली है।
चुनाव में, अरब मतदाताओं की अच्छी भागीदारी के कारण अरब-नेतृत्व वाले दो गठबंधनों ‘यूनाइटेड अरब लिस्ट’ और ‘जॉइंट लिस्ट’ ने मिलकर 19 सीटें जीतीं जो कि एक अभूतपूर्व आंकड़ा है। इसका मतलब यह है कि सत्ता किसके हाथ में जाएगी इस पर उनका निर्णायक प्रभाव हो सकता है लेकिन चुनाव से पहले, यहूदी पार्टियों में से एक को छोड़कर बाकी सभी ने यह वादा किया था कि वे सरकार बनाने के लिए इनके साथ मिलकर काम नहीं करेंगी।
श्री नेतन्याहू ने अपनी एक पोस्ट में कहा कि वह एक संयुक्त सरकार बनाने का प्रस्ताव दे रहे हैं क्योंकि “अस्तित्व के लिए खतरा बहुत बड़ा है, और इस बात की भी संभावना है कि ऐसी सरकार बन जाए जिसमें इस खतरे से निपटने की क्षमता ही न हो।”
इसके जवाब में, श्री आइसेनकोट ने कहा, “अगर लिकुड सच्चे गठबंधन के लिए तैयार है, तो मैं अगले 24 घंटों में उनके इरादों की गंभीरता को परखने के लिए तैयार हूं।”
