स्पेन में आम चुनाव, सांचेज के सामने फीजो की चुनौती

मैड्रिड, (वार्ता) स्पेन में देश के राजनीतिक भविष्य के लिए बेहद अहम माने जा रहे आम चुनाव के लिए रविवार को मतदान होगा। वर्तमान प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज के प्रति बढ़ती नाराजगी के बीच इस चुनाव से सत्ता परिवर्तन का मार्ग प्रशस्त हो सकता है, जिससे कंजर्वेटिव पीपुल्स पार्टी (पीपी) के उम्मीदवार अल्बर्टो नुनेज फीजो के प्रधानमंत्री बनने और धुर दक्षिणपंथी दलों के सरकार में शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।

वर्ष 2018 से सत्ता पर काबिज सोशलिस्ट वर्कर्स पार्टी (पीएसओई) के नेता पेड्रो सांचेज आर्थिक दबाव, राजनीतिक विवादों और प्रशासन के करीबी लोगों पर लगे भ्रष्टाचार के आरोपों के बीच एक और कार्यकाल के लिए प्रयासरत हैं। ऊर्जा संकट, बढ़ती महंगाई, प्रवासन संकट, वालेंसिया में आई विनाशकारी बाढ़, वर्ष 2025 के बिजली संकट और आवास की समस्या जैसे मुद्दे पूरे चुनाव प्रचार में छाए रहे। दो सप्ताह के सघन प्रचार के बाद सभी प्रमुख उम्मीदवारों ने शनिवार को पारंपरिक ‘डे ऑफ रिफ्लेक्शन’ मनाया, जिसके दौरान किसी भी राजनीतिक गतिविधि पर प्रतिबंध रहता है।

इस चुनाव में कुल 3,86,16,949 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करने के पात्र हैं, जो जुलाई 2023 के चुनाव की तुलना में लगभग 11.5 लाख अधिक हैं। इनमें 26 लाख से अधिक प्रवासी मतदाता और करीब 16 लाख पहली बार मतदान करने वाले युवा शामिल हैं। 24.3 करोड़ यूरो से अधिक के बजट वाले इस चुनाव में मतदाता कांग्रेस के 350 सदस्यों और 209 सीनेटरों का चुनाव करेंगे। इसके लिए 61,033 मतदान केंद्र बनाए गए हैं और लगभग 2,10,000 मतपेटियां वितरित की गई हैं। पहली बार मतदाता ‘एमआईडीएनआई’मोबाइल ऐप के माध्यम से अपने डिजिटल पहचान पत्र का उपयोग कर सकेंगे, जिसके लिए 60,000 से अधिक क्यूआर कोड रीडर लगाए गए हैं।

गृह मंत्रालय ने निष्पक्ष मतदान और साइबर हमलों व दुष्प्रचार से निपटने के लिए 1,00,727 सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की है, जिनमें मुख्य रूप से अंडालूसिया, मैड्रिड और कैटालोनिया क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दिया गया है। गृह मंत्री फर्नांडो ग्रांडे-मार्लास्का ने मतदान और मतगणना प्रणाली की सुरक्षा के लिए चुनावी सुरक्षा समन्वय नेटवर्क को भी सक्रिय किया है।

रविवार को मतदान सुबह नौ बजे शुरू होकर रात आठ बजे तक चलेगा। चुनाव प्राधिकरण दोपहर 2:30 बजे और शाम 6:30 बजे मतदान प्रतिशत के आंकड़े जारी करेगा, जबकि मतगणना शुरू होने के बाद रात 10:30 बजे संवाददाता सम्मेलन में परिणाम घोषित किए जाएंगे।

 

 

 

Next Post

महापौर ने भी संभाला मोर्चाः 33 करोड़ की लिंक रोड का किया निरीक्षण

Sun Nov 29 , 2026
इंदौर. मास्टर प्लान की सड़कों को लेकर जारी मुहिम के बीच शनिवार सुबह महापौर पुष्यमित्र भार्गव और जनकार्य प्रभारी राजेन्द्र राठौर ने एमआर-10 से एमआर-12 को जोड़ने वाली निर्माणाधीन लिंक रोड का मौका मुआयना किया. निरीक्षण के दौरान महापौर ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि सड़क निर्माण में आ […]

You May Like