सड़क हादसे ने छीन ली दो परिवारों की खुशियां

देपालपुर: बीती रात हुए भीषण सड़क हादसे ने दो परिवारों की दुनिया ही बदल दी. जिन घरों में कुछ समय पहले तक हंसी-खुशी का माहौल था, वहां अब मातम पसरा है. देपालपुर-बेटमा मार्ग पर तकीपुरा गांव के समीप हुए हादसे में जान गंवाने वाले अभिषेक बढ़वाया और सतीश तंवर को अंतिम विदाई दी गई. दोनों युवाओं की असमय मौत से देपालपुर नगर सहित नांद्रा गांव में शोक का माहौल रहा. अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए और नम आंखों से उन्हें विदा किया.
जानकारी के अनुसार बीती देर रात तीन दोस्त कार से बेटमा की ओर जा रहे थे. तकीपुरा गांव में शासकीय माध्यमिक विद्यालय के समीप अचानक कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े बिजली के पोल से जा भिड़ी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और घूमकर देपालपुर की दिशा में हो गई. हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के घरों में सो रहे लोग भी बाहर निकल आए. स्थानीय रहवासियों ने मशक्कत कर कार में फंसे तीनों युवकों को बाहर निकाला और निजी वाहनों से अस्पताल पहुंचाया. जहां चिकित्सकों ने अभिषेक बढ़वाया निवासी देपालपुर और सतीश तंवर निवासी नांद्रा को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर घायल चेतन दरबार को प्राथमिक उपचार के बाद इंदौर रेफर किया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है.

पोते की मौत की खबर ने तीर्थयात्रा से लौटे दादा को तोड़ दिया
अभिषेक के दादाजी उस समय तीर्थयात्रा पर थे. पोते से उनका विशेष लगाव था. जैसे ही उन्हें इस दर्दनाक हादसे में अभिषेक की मौत की सूचना मिली, वे स्तब्ध रह गए. परिवार ने उन्हें तत्काल देपालपुर बुलाया. अलसुबह घर पहुंचने पर जब उन्होंने पोते के निधन की पूरी जानकारी सुनी तो खुद को संभाल नहीं पाए. जिस पोते को बचपन से लाड़-प्यार से बड़ा किया, उसे खोने का गम उनके चेहरे पर साफ दिखाई दे रहा था. मुक्तिधाम में अंतिम संस्कार के दौरान बड़ी संख्या में नगरवासी मौजूद रहे. मुखाग्नि के समय वहां मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं. घर पर परिजनों और महिलाओं का रो-रोकर बुरा हाल था.

सतीश की विदाई में उमड़ा पूरा गांव, घरों में नहीं जले चूल्हे
हादसे में जान गंवाने वाला दूसरा युवक सतीश तंवर ग्राम नांद्रा का निवासी था और कैफे संचालित कर परिवार की जिम्मेदारियों में हाथ बंटा रहा था. उसके निधन की खबर गांव पहुंचते ही माहौल गमगीन हो गया. परिवार के सपने और उम्मीदें एक झटके में टूट गए. गांव में शोक इतना गहरा था कि कई घरों में चूल्हे तक नहीं जले. सतीश की अंतिम यात्रा में पूरा गांव उमड़ पड़ा. हर कोई अपने लाड़ले को अंतिम विदाई देते समय भावुक नजर आया. परिजनों का विलाप देखकर वहां मौजूद लोगों की आंखें भी भर आईं

Next Post

नौकरानी ने उड़ाए 20 लाख के जेवर, बॉयफ्रेंड भी पकड़ाया

Sun Nov 29 , 2026
इंदौर: घर की चाबी और तिजोरी तक पहुंच रखने वाले पर ही परिवार को सबसे ज्यादा भरोसा था, लेकिन इसी भरोसे का फायदा उठाकर उसी ने 20 लाख रुपए से अधिक के सोने चांदी के जेवर चोरी कर लिए. अन्नपूर्णा थाना क्षेत्र के सुदामा नगर में हुई इस वारदात का […]

You May Like