सिर कुचलकर हत्या करने वाले को उम्रकैद

उज्जैन। मजदूरी दिलाने का झांसा देकर साथ ले गए एक युवक की पत्थर से सिर पर वार कर हत्या करने के मामले में खाचरौद न्यायालय ने आरोपी को आजीवन सश्रम कारावास की सजा सुनाई है। प्रथम अपर सत्र न्यायाधीश नीतू कांता वर्मा ने आरोपी बनेसिंह बोडाना (22), निवासी ग्राम नावटिया, थाना खाचरौद को धारा 302 भादवि में दोषी ठहराते हुए 5 हजार रुपए का अर्थदंड भी लगाया है।

अभियोजन के अनुसार 25 जुलाई 2023 को थाना भाटपचलाना में आरोपी बनेसिंह ने खुद पहुंचकर सूचना दी थी कि नागदा बस स्टैंड से एक व्यक्ति उसे मजदूरी दिलाने का कहकर उसकी मोटरसाइकिल पर बैठा था। इसके बाद वह उसे खाचरौद और मड़ावदा ले गया, जहां दोनों ने शराब पी। बाद में वह अंतलवासा की ओर मजदूरी दिलाने के बहाने ले गया।

अंतलवासा से करीब डेढ़ किलोमीटर आगे उस व्यक्ति ने बाथरूम जाने के बहाने मोटरसाइकिल रुकवाई और शराब के नशे में आरोपी को थप्पड़ मार दिया। इसके बाद वह उसकी मोटरसाइकिल लेकर खेत की तरफ भागने लगा। आरोपी ने पीछा किया तो वह सोयाबीन के खेत में घुस गया। कीचड़ में गिरने के बाद आरोपी ने भारी पत्थर उठाकर उसके सिर पर वार कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से भाग गया और पिता को साथ लेकर थाने पहुंचा।

इनकी पैरवी से मिली सजा

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज कर विवेचना के बाद न्यायालय में चालान पेश किया। उपनिदेशक अभियोजन राजेन्द्र कुमार खाण्डेकर के मार्गदर्शन में विशेष लोक अभियोजक सुनील परमार ने पैरवी की। अभियोजन के तर्कों से सहमत होकर न्यायालय ने आरोपी को आजीवन सश्रम कारावास और 5 हजार रुपए अर्थदंड से दंडित किया।

Next Post

राजस्थान से एमडी ड्रग्स लाकर देवास में करते थे सप्लाई, पुलिस ने नेटवर्क से जुड़े तीन और आरोपी दबोचे

Sat Nov 28 , 2026
देवास। शहर में नशे के अवैध कारोबार की जड़ें तलाशने में जुटी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एमडी ड्रग्स की तस्करी और सप्लाई से जुड़े नेटवर्क की कड़ियां जोड़ते हुए पुलिस ने तीन और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया कि आरोपी राजस्थान से अवैध मादक […]

You May Like