भोपाल।पमरे भोपाल मंडल द्वारा 05 जून को अंतरराष्ट्रीय समपार फाटक दिवस मनाया गया. इस अवसर पर एक व्यापक सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया गया. जिसका उद्देश्य रोड यूजर्स को समपार फाटकों पर सुरक्षित व्यवहार हेतु प्रेरित करना एवं दुर्घटनाओं की रोकथाम करना रहा.
भोपाल मंडल के संरक्षा विभाग द्वारा वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी विजय शंकर गौतम, सहायक मंडल संरक्षा अधिकारी ममलेश यादव तथा संरक्षा सलाहकारों के नेतृत्व में पिछले एक सप्ताह के दौरान 50 से अधिक अति व्यस्त समपार फाटकों पर विशेष प्रचार-प्रसार अभियान चलाया गया. इस अभियान में रेल सुरक्षा बल, इंजीनियरिंग, परिचालन एवं संरक्षा विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सक्रिय सहभागिता निभाई.
अभियान के अंतर्गत यात्रियों एवं सड़क उपयोगकर्ताओं को यह महत्वपूर्ण संदेश दिया गया कि ट्रेन की गति आम धारणा से कहीं अधिक होती है और फाटक बंद होने की स्थिति में उसे पार करना अत्यंत जोखिमभरा हो सकता है. जागरूकता का मुख्य उद्देश्य यही था कि नियमों का पालन कर स्वयं एवं दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए.
