सोन नदी पुल से महिला ने लगाई छलांग, 60 फीट नीचे पत्थरों पर गिरी

सीधी। जिले के अमिलिया थानांतर्गत जोगदह घाट स्थित सोन नदी पुल पर शनिवार दोपहर एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। यहां एक महिला ने पुल के ऊपर से करीब 60 से 70 फीट नीचे छलांग लगा दी। महिला सीधे नदी के किनारे मौजूद पत्थरों पर जा गिरी, जिससे उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद महिला अचेत अवस्था में पड़ी मिली। सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि महिला अपने महज 5 माह के मासूम बच्चे को पुल के ऊपर ही छोड़ गई थी। जानकारी के अनुसार घटना शनिवार दोपहर करीब 2 बजे की है।

महिला पीले रंग का सलवार-सूट पहने हुए थी। बताया जा रहा है कि महिला ने पहले अपने बच्चे को पुल के ऊपर छोड़ दिया और फिर वहां से नीचे छलांग लगा दी। कुछ देर बाद राहगीरों की नजर सड़क पर रोते हुए बच्चे पर पड़ी। इसके बाद लोगों ने रुककर बच्चे को सुरक्षित गोद में उठाया। जब उन्होंने पुल के नीचे की ओर देखा तो नदी किनारे पत्थरों के ऊपर एक महिला अचेत अवस्था में पड़ी दिखाई दी। घटना की जानकारी मिलते ही राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। अमिलिया थाना प्रभारी राकेश बैस को सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच शुरू कर दी। राहगीरों की मदद से मासूम बच्चे को सुरक्षित पुलिस के सुपुर्द किया गया। राहगीर मनीष सिंह चौहान ने बताया कि वे अन्य लोगों के साथ वहां से गुजर रहे थे, तभी सड़क पर बच्चा रोता हुआ दिखाई दिया। बच्चे को गोद में उठाकर सुरक्षित किया गया। इसके बाद पुल के नीचे देखने पर महिला पत्थरों के ऊपर पड़ी दिखाई दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। फिलहाल महिला की पहचान और घटना के पीछे के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Next Post

8.68 करोड़ का घोटाला: ईओडब्ल्यू ने दर्ज की 8 एफआईआर 

Sat Nov 28 , 2026
जबलपुर। मेडिकल और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के अकाउंटिंग डेटा में सेंध लगाकर 8 करोड़ 68 लाख 30 हजार 286 रुपये के इनपुट टैक्स क्रेडिट और जीएसटी की हेराफेरी करने वाले गिरोह पर आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (ईओडब्ल्यू) ने शिकंजा कसा है। इस मामले में मुख्य एकाउंटेंट और उसके परिजनों समेत 5 आरोपियों […]

You May Like