
विशेष संवाददाता भोपाल। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के नेतृत्व में उज्जैन से अयोध्या तक निकाली जा रही सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा शुक्रवार को अपने 34वें दिन ओरछा से होते हुए एक बार फिर उत्तर प्रदेश में प्रवेश कर गई। 20 अक्टूबर को उज्जैन से शुरू हुई इस यात्रा का शेष पड़ाव उत्तर प्रदेश में होगा।
ओरछा में यात्रा के दौरान मध्य प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अरुण यादव, पूर्व नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविंद सिंह, राज्यसभा सांसद अशोक सिंह, पूर्व मंत्री कमलेश्वर पटेल एवं पीसी शर्मा तथा विधायक फुंदेलाल मार्को, देवेंद्र पटेल और नितेंद्र सिंह राठौर सहित कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता शामिल हुए।
यात्रा को धार्मिक संत रविशंकर जी महाराज (पूज्य रावतपुरा सरकार) का आशीर्वाद भी मिला। उन्होंने दिग्विजय सिंह को भगवान विट्ठल का चित्र भेंट किया और कुछ दूर तक पदयात्रियों के साथ चले। महामंडलेश्वर कंप्यूटर बाबा भी इस अवसर पर मौजूद रहे।
श्री रामराजा सरकार मंदिर में दर्शन-पूजन के बाद यात्रा विभिन्न गांवों से होते हुए झांसी जिले के बबीना विधानसभा क्षेत्र में पहुंची। यहां समाजवादी पार्टी के पूर्व सांसद डॉ. चंद्रपाल सिंह यादव ने यात्रियों का स्वागत किया।
दिग्विजय सिंह ने कहा कि यात्रा का उद्देश्य सनातन धर्म के मूल्यों की रक्षा, श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाओं का सम्मान और धार्मिक स्थलों पर चढ़ावे एवं दान में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के प्रति जनजागरण करना है। उन्होंने कथित वोट चोरी और दान में अनियमितताओं के मुद्दे पर भी जागरूकता बढ़ाने की बात कही। उन्होंने सत्य, अहिंसा, प्रेम, करुणा और सामाजिक सद्भाव को यात्रा का मूल संदेश बताया।
यात्रा अयोध्या पहुंचकर श्रीरामलला मंदिर में दर्शन के साथ संपन्न होगी।
