सीहोर। एसपी निवास से चंद कदमों की दूरी पर हुए लईक कुरैशी हत्याकांड के दो दिन बाद भी पुलिस चार नामजद आरोपियों का सुराग नहीं लगा सकी. नतीजतन मृतक के परिजनों का सब्र जवाब दे गया. शुक्रवार को परिजन और समाजजन न्याय की मांग को लेकर मृतक के घर के सामने अनशन पर बैठ गए.
परिजनों ने पुलिस की कार्रवाई पर नाराजगी जताते हुए फरार हत्यारोपियों को तत्काल गिरफ्तार करने और उनके मकानों पर बुलडोजर चलाने की मांग उठाई. अचानक हुए प्रदर्शन से पुलिस महकमे में भी हलचल मच गई.
गौरतलब है कि बुधवार को मंडी थाना क्षेत्र में लईक कुरैशी पर हमलावरों ने धारदार हथियारों से हमला कर मौत के घाट उतार दिया था. एसपी निवास के नजदीक हुई वारदात ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए थे. हालांकि पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अजीज को गिरफ्तार कर लिया है, लेकिन सलीम, नौशाद, हाशिम और अयान अब भी फरार हैं. पुलिस की अलग-अलग टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं. दो दिन बाद भी चारों आरोपियों का पता नहीं चलने से परिजनों में आक्रोश बढ़ता गया. आखिरकार शुक्रवार को परिवार को न्याय की मांग लेकर अनशन पर बैठना पड़ा.
परिजनों का कहना था कि हत्या जैसी गंभीर वारदात के बाद भी आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं, जिससे परिवार में असुरक्षा का माहौल है. परिजनों ने आरोपियों के मकानों और निर्माणों पर बुलडोजर कार्रवाई करने की मांग भी उठाई. इसके अलावा परिवार और मामले के गवाहों को सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की गई. सीएसपी डॉ. अभिनंदना शर्मा ने परिजनों को बताया कि एक आरोपी गिरफ्तार किया जा चुका है और शेष चार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार प्रयास कर रही हैं. वहीं बुलडोजर कार्रवाई को वैधानिक प्रक्रिया से जुड़ा मामला बताया. सीएसपी के आश्वासन के बाद परिजनों ने ज्ञापन सौंपा और अनशन समाप्त कर दिया.
