भैरूंदा। संविधान दिवस पर सब जेल में कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस अवसर पर जेल अधिकारियों, कर्मचारियों एवं सारु मारु पब्लिक वेलफेयर सोसायटी के पदाधिकारियों ने संविधान की उद्देशिका का सामूहिक वाचन किया. एडवोकेट बलराम यादव ने संविधान दिवस के महत्व पर प्रकाश डाला, साथ ही विचाराधीन बंदियों को समझाइश देते हुए कहा कि वे अपने जीवन में सकारात्मक बदलाव लाएं और भविष्य में किसी भी प्रकार के अपराध की पुनरावृत्ति न करें. वेलफेयर सोसायटी के अध्यक्ष बीएस बगाना ने महापुरुषों के जीवन संघर्षों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि समाज में आपसी भाईचारा, प्रेम और सद्भाव बनाए रखना आवश्यक है. उन्होंने स्वस्थ जीवन के लिए योग, ध्यान एवं साधना को अपनाने का संदेश भी दिया. सचिव जेपी पेठारी ने बाबा साहब डॉ. अंबेडकर के संघर्षपूर्ण जीवन पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए विचाराधीन बंदियों से हिंसा, चोरी, व्यभिचार, झूठ एवं विभिन्न प्रकार के नशे से दूर रहने की अपील की. उन्होंने कहा कि जाति, धर्म और संप्रदाय से ऊपर उठकर सभी के प्रति दया, करुणा, प्रेम और भाईचारे की भावना रखनी चाहिए. कार्यक्रम के अंत में सब जेल के चीफ उईके ने उपस्थित अतिथियों एवं आयोजकों का आभार व्यक्त किया.
