भोपाल। महिला एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी में मेजबान भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मलेशिया को 6-2 से हराकर फाइनल में प्रवेश कर लिया है। शुक्रवार को भोपाल के बरखेड़ा नाथू स्थित इंटरनेशनल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में खेले गए सेमीफाइनल मुकाबले में भारतीय टीम शुरुआत से ही मलेशिया पर हावी रही। भारत ने पहले क्वार्टर में 1-0 की बढ़त बनाई, जबकि दूसरे क्वार्टर में तीन गोल दागकर स्कोर 4-1 कर दिया। तीसरे और चौथे क्वार्टर में भी भारत ने एक-एक गोल करते हुए मुकाबला 6-2 से अपने नाम किया। भारत की ओर से दीपिका ने दो गोल किए, जबकि मुमताज खान, नवनीत कौर, सुनेलिता टोप्पो और ईशिका ने एक-एक गोल दागा। वहीं मलेशिया की ओर से नूर अजर और नूर अमीराह जुल्किफली ने एक-एक गोल किया।
अब शनिवार को खिताबी मुकाबले में भारत का सामना चीन से होगा। चीन ने दूसरे सेमीफाइनल में जापान को 1-0 से हराकर फाइनल में जगह बनाई। इस मुकाबले का एकमात्र गोल झांग हेयांग ने 59वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर पर किया। वहीं कांस्य पदक के लिए मलेशिया और जापान के बीच मुकाबला होगा। पांचवें और छठे स्थान के मैच में कोरिया ने थाईलैंड को 4-1 से हराकर पांचवां स्थान हासिल किया। कोरिया की ओर से पार्क मिहयांग ने दो, पार्क सेउंगए और जू सोयोन ने एक-एक गोल किया, जबकि थाईलैंड की इनपा कुंजिरा ने पेनल्टी स्ट्रोक पर एकमात्र गोल दागा।
