ग्वालियर: सिटी सेंटर स्थित पंजाब नेशनल बैंक की शाखा के एक खाते में एक ही दिन में 1 करोड़ रुपए से अधिक का लेनदेन हुआ। जांच में यह भी सामने आया कि देश के अलग-अलग राज्यों में साइबर ठगी से जुड़ी 34 शिकायतों में इसी खाते का इस्तेमाल किया गया है। क्राइम ब्रांच से मिले इनपुट के आधार पर विश्वविद्यालय थाना पुलिस ने खाते के धारक के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है।
क्राइम ब्रांच की ओर से चलाए जा रहे ऑपरेशन मैट्रिक्स 2.0 के तहत संदिग्ध बैंक खातों की पड़ताल की जा रही थी। इसी दौरान बैंक की सिटी सेंटर शाखा के एक खाते पर संदेह हुआ। राष्ट्रीय साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल और हेल्पलाइन 1930 से जुड़े रिकॉर्ड की जांच में पता चला कि देशभर में साइबर ठगी के 34 मामलों में इस खाते का इस्तेमाल हुआ है।
एक दिन में जमा हुई और निकाली करोड़ों की रकम
पुलिस ने बैंक से खाते की केवायसी और ट्रांजैक्शन स्टेटमेंट हासिल की। इसके अनुसार, एक ही दिन में खाते में 1 करोड़ रुपए से अधिक की रकम जमा हुई और उसी दिन निकाल भी ली गई। जांच में आशंका सामने आई कि खाते का इस्तेमाल साइबर ठगी से हासिल रकम को ट्रांसफर करने और निकालने के लिए किया जा रहा था।
कंपू निवासी विशाल कन्नोजिया के नाम पर है खाता
बैंक रिकॉर्ड के मुताबिक, संबंधित खाता विशाल कन्नोजिया (28), पिता बाबूलाल कन्नोजिया, निवासी नई सेकंड बटालियन आर्मी बजरिया, कंपू, ग्वालियर के नाम पर है। क्राइम ब्रांच के कार्यवाहक निरीक्षक धर्मेंद्र सिंह कुशवाह की जांच रिपोर्ट और प्रतिवेदन के आधार पर विश्वविद्यालय थाना पुलिस ने विशाल के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है।
साइबर गिरोह की तलाश में जुटी पुलिस
निरीक्षक शैलजा सिंह खाते में रकम जमा करने वाले लोगों, उसे निकालने वालों और इसके पीछे सक्रिय साइबर गिरोह की भूमिका की जांच कर रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि खाते का इस्तेमाल किसके कहने पर और किन परिस्थितियों में किया गया।
