
सिंगरौली । कलेक्टर अंकित अस्थाना की अध्यक्षता में जिला स्वास्थ्य समिति एवं जिला टास्क फोर्स की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित हुई। बैठक में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, गर्भवती महिलाओं के पंजीयन, कुपोषण नियंत्रण, टीकाकरण, संस्थागत प्रसव एवं स्वास्थ्य सुविधाओं की उपलब्धता सहित विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने निर्देशित किया कि स्वास्थ्य विभाग एवं महिला बाल विकास विभाग संयुक्त रूप से सप्ताह में दो दिवस बैठक आयोजित कर योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा करें। एसडीएम ब्लॉक स्तर पर नियमित समीक्षा बैठक कर स्वास्थ्य सेवाओं की निगरानी सुनिश्चित करें तथा नियमित संयुक्त स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएं। कलेक्टर ने गर्भवती महिलाओं की प्रारंभिक पहचान एवं समय पर एएनसी पंजीयन सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि आशा कार्यकर्ता घर-घर संपर्क कर महिलाओं को स्वास्थ्य सेवाओं एवं शासन की योजनाओं का लाभ दिलाएं।
