जल-जंगल-जमीन गंवाकर बेघर हुए आदिवासी,न्याय की गुहार

सिंगरौली । औद्योगिक विकास की कीमत पर अपनी जमीन और आशियाना गंवाने वाले आदिवासी परिवार अब हक की तलाश में दर-दर भटकने को मजबूर हैं। देवसर विधानसभा के सरई क्षेत्र से श्री मांझी अंतरराष्ट्रीय समाजवाद आदिवासी किसान सैनिक संस्था से जुड़े करीब 400 कार्यकर्ता बीते बुधवार को अपनी पीड़ा लेकर सिंगरौली कलेक्ट्रेट पहुंचे। उनका आरोप है कि कंपनियों ने उनकी जमीनें अधिग्रहित कर ली, लेकिन समुचित मुआवजा और पुनर्वास नहीं मिलने से अनेक परिवारों के सामने आवास और रोजगार का संकट खड़ा हो गया है। कार्यकर्ताओं के मुताबिक, मंगलवार को ही वे बैढ़न पहुंच गए थे, लेकिन शासकीय अवकाश के कारण अधिकारियों से मुलाकात नहीं हो सकी। रात बस स्टैंड स्थित रैन बसेरा में बिताने के बाद कलेक्ट्रेट पहुंचकर अपनी समस्याएं रखीं। अधिकारियों ने निराकरण का आश्वासन दिया।

विस्थापन की पीड़ा के साथ बुनियादी सुविधाओं का अभाव

संगठन ने अपनी स्थिति का एक और गंभीर पहलू सामने रखा। सदस्यों का दावा है कि करीब आधे लोगों के आधार कार्ड तक नहीं बने हैं। मोबाइल, शिक्षा और आर्थिक संसाधनों के अभाव में वे सरकारी योजनाओं की जानकारी और उनका लाभ हासिल नहीं कर पा रहे हैं। ऐसे में विस्थापन की पीड़ा के साथ बुनियादी सुविधाओं का अभाव भी उनकी मुश्किलें बढ़ा रहा है। करीब 115 वर्ष पुराने इतिहास वाला यह संगठन आदिवासी अधिकारों, शिक्षा, स्वास्थ्य और जल-जंगल-जमीन की रक्षा के लिए काम करने का दावा करता है। अब कार्यकर्ता अपनी मांगों को राष्ट्रीय स्तर पर उठाने के लिए दिल्ली जाने की तैयारी में हैं। सवाल यह है कि जिन परिवारों ने विकास परियोजनाओं के लिए अपनी जमीनें गंवाईं, उन्हें सम्मानजनक पुनर्वास और जीवनयापन का अधिकार आखिर कब मिलेगा?

Next Post

परियोजनाओं में बनेंगे पॉच-पॉच मॉडल आंगनवाड़ी केन्द्र

Thu Nov 26 , 2026
सिंगरौली । कलेक्टर अंकित अस्थाना की अध्यक्षता में जिला स्वास्थ्य समिति एवं जिला टास्क फोर्स की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित हुई। बैठक में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, गर्भवती महिलाओं के पंजीयन, कुपोषण नियंत्रण, टीकाकरण, संस्थागत प्रसव एवं स्वास्थ्य सुविधाओं की उपलब्धता सहित विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों की समीक्षा की गई। […]

You May Like