
ग्वालियर। अब लश्कर मॉडल पर देश के डाकघरों की तस्वीर बदलेगी। केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के अनुसार कैबिनेट की ओर से डाक परिचालन योजना और संपदा प्रबंधन योजना को करीब 2,500 करोड़ रुपए की मंजूरी मिलने से डाकघर के इन्फ्रास्ट्रक्चर में बड़ा बदलाव आएगा। सिंधिया ने बताया कि कल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट मीटिंग में विभाग की अगली पांच-वर्षीय योजना के तहत ‘डाक परिचालन योजना’ के लिए लगभग 1,140 करोड़ रुपए की राशि मंजूर की गई।
सिंधिया ने बताया कि डाकघरों को बदलने का कार्य ग्वालियर के लश्कर प्रधान डाकघर की तर्ज पर किया जाएगा, जिसके तहत डाकघरों की सूरत और सीरत दोनों ही बदलने का कार्य होगा.
इसके अलावा, ‘एस्टेट मैनेजमेंट स्कीम’ के लिए 1,400 रुपए करोड़ मंजूर किए गए हैं। दोनों योजनाओं के लिए करीब 2,500 करोड़ रुपए आवंटित किए गए हैं।
*डाकघरों के इन्फ्रास्ट्रक्चर में आएगा बड़ा बदलाव*
सिंधिया ने बताया कि इससे डाकघरों के इन्फ्रास्ट्रक्चर में बड़ा बदलाव आएगा। इसमें डाकघरों के कार्यालय, ट्रांसपोर्ट नेटवर्क, मार्केटिंग सिस्टम, फर्स्ट माइल, मिडिल माइल और लास्ट-माइल लॉजिस्टिक्स कनेक्टिविटी शामिल है। गौरतलब है कि केंद्र सरकार ने बुधवार को 16वें वित्त आयोग के कार्यकाल (वित्त वर्ष 2026-27 से 2030-31) के दौरान डाक संचालन योजना और संपदा प्रबंधन योजना को जारी रखने की मंजूरी दी है। इस योजना के लिए क्रमश: 1,141 करोड़ रुपए और 1,491 करोड़ रुपए का प्रस्तावित बजट निर्धारित किया गया है। डाक संचालन योजना का उद्देश्य देशभर में डाक बुनियादी ढांचे को मजबूत करना, परिचालन दक्षता में सुधार करना और लॉजिस्टिक्स, ई-कॉमर्स एवं डिजिटल सेवाओं की बढ़ती जरूरतों को पूरा करना है। देश की ऐतिहासिक डाक इमारतों के संरक्षण पर भी ध्यान केंद्रित किया गया है।
