
बुरहानपुर। शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने एवं नियम विरुद्ध संचालित वाहनों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री विवेक कुमार के निर्देशानुसार परिवहन विभाग एवं यातायात पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से अभियान चलाकर कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में गुरूवार को जयस्तंभ चौराहे से इकबाल चौक एवं कमल टॉकीज क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए बिना वैध दस्तावेज संचालित हो रहे 11 ऑटो रिक्शा जब्त किए गए। सभी जब्त ऑटो को यातायात थाने में रखा गया है।
अभियान के तहत पूर्व में 17 एवं 18 नवंबर को जब्त किए गए 20 ऑटो रिक्शा में से 17 ऑटो चालकों से 1 लाख 99 हजार 800 रुपये का शमन शुल्क वसूल किया गया। वहींए बिना परमिट संचालित एक ट्रक पर कार्रवाई करते हुए 62 हजार 500 रुपये का जुर्माना वसूला गया। इस प्रकार अभियान के अंतर्गत 2 लाख 62 हजार 300 रुपये की शमन राशि वसूल की गई।
इसके साथ ही शहर के सघन बाजार क्षेत्र में अधिकारियों एवं टीम द्वारा पैदल भ्रमण कर दुकानदारों को अपनी दुकानों का सामान सडक़ एवं फुटपाथ पर नहीं रखने तथा वाहनों की निर्धारित एवं व्यवस्थित पार्किंग सुनिश्चित करने की समझाईश दी गई। नागरिकों एवं दुकानदारों को यातायात नियमों का पालन करने के लिए जागरूक भी किया गया।
परिवहन विभाग एवं यातायात पुलिस की टीम ने ऑटो चालकों को वैध दस्तावेजए परमिट एवं आवश्यक अनुमतियों के साथ ही वाहन संचालित करने की हिदायत दी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शहर की यातायात व्यवस्था बेहतर बनाने तथा नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध यह अभियान निरंतर जारी रहेगा।
