
नीमच। बघाना थाना क्षेत्र में गुरुवार रात दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने हुई भीषण टक्कर में एक व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा झांझरवाड़ा और सोनियाना के बीच रात करीब 8:30 बजे हुआ। दुर्घटना की सूचना मिलते ही बघाना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को जिला चिकित्सालय भिजवाया,जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।प्राप्त जानकारी के अनुसार चीताखेड़ा निवासी कन्हैयालाल पिता फूलचंद प्रजापति उम्र 47 वर्ष नीमच स्थित अशोका इलेक्ट्रिकल पर कार्यरत थे। गुरुवार रात रोजाना की तरह काम समाप्त कर अपनी हीरो डिलक्स मोटरसाइकिल (एमपी-44 एमएन-7522) से घर लौट रहे थे। इसी दौरान झांझरवाड़ा और सोनियाना के बीच सामने से आ रही मोटरसाइकिल (एमपी-44 एमएस-4685) से उनकी आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और कन्हैयालाल गंभीर रूप से घायल होकर सडक़ पर गिर पड़े।घटना की सूचना मिलते ही 108 एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और गंभीर हालत में घायल कन्हैयालाल को जिला चिकित्सालय लाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। शुक्रवार सुबह जिला अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंपा गया।मृतक के परिजनों ने हादसे के बाद उपचार में देरी का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि यदि दुर्घटना के तुरंत बाद घायल को समय पर अस्पताल पहुंचा दिया जाता तो संभवत: उनकी जान बचाई जा सकती थी।बघाना थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है।
