अबु धाबी, 16 सितम्बर (वार्ता) बांग्लादेश ने करो या मरो के अपने एशिया कप मुकाबले में मंगलवार को अफगानिस्तान के खिलाफ 20 ओवर में पांच विकेट पर 154 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर बना लिया।
बांग्लादेश ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। तंजीद हसन ने 52 और सैफ हसन ने 30 रन बनाकर बांग्लादेश को अच्छी शुरुआत दी जिससे बांग्लादेश बड़े स्कोर की तरफ बढ़ता नजर आ रहा था। तौहीद हृदोय ने 26 रन बनाये। जाकेर अली और नुरुल हसन ने 12-12 रनों का योगदान दिया।
तंजीद हसन ने 31 गेंदों में चार चौके और तीन छक्के लगाकर पहले 10 ओवर में बांग्लादेश के स्कोर को बढ़ाना जारी रखा लेकिन 11वें ओवर की पहली गेंद पर लिटन दास का आउट होने बांग्लादेश के लिए भारी साबित हुआ जिससे टीम अंत तक उबर नहीं पायी।
बांग्लादेश ने हालांकि अफग़ानिस्तान की बेहतरीन गेंदबाज़ी के सामने एक अच्छा स्कोर खड़ा किया है। राशिद खान, नूर अहमद, मोहम्मद नबी और गजनफर जैसे गेंदबाज़ों का सामना करना कभी आसान नहीं था, लेकिन बल्लेबाज़ों ने चुनौती का बखूबी सामना किया, खासकर पावरप्ले के दौरान। सैफ हसन ने सधी हुई पारी खेली, हालाँकि उनका स्ट्राइक रेट थोड़ा कमज़ोर रहा। इस बीच, तंजीद हसन तमीम ने शानदार प्रदर्शन किया और शानदार अर्धशतक जड़ा और पारी के पहले हिस्से में ही लय बना दी। राशिद खान और नूर अहमद ने अनुशासित गेंदबाजी की, किफायती गेंदबाज़ी के साथ-साथ अहम सफलताएँ भी हासिल कीं। 10 ओवर के बाद 87/1 के स्कोर पर अच्छी स्थिति में होने के बावजूद, बांग्लादेश अगले 10 ओवरों में पूरी तरह से खेल नहीं सका और 154/5 पर समाप्त हुआ।
अफगानिस्तान की तरफ से कप्तान रशीद खान और नूर अहमद ने दो-दो विकेट चटकाए और अंतिम 10 ओवरों में बांग्लादेश पर दबाव बनाये रखा। आखिरी 10 ओवरों में बांग्लादेश ने 67 रन जोड़े और चार विकेट गंवाए।
