
देवास। कृषि उपज मंडी में सोयाबीन सहित अन्य उपज की बंपर आवक हो रही है। देवास ही नहीं, आसपास के जिलों से भी बड़ी संख्या में किसान अपनी उपज लेकर मंडी पहुंच रहे हैं। सीजन के दौरान आवक 50 से 60 हजार क्विंटल तक पहुंच जाती है। मंडी प्रशासन को हर साल करोड़ों रुपए की आय भी होती है। इसके बावजूद किसानों और व्यापारियों को मूलभूत सुविधाओं के लिए जूझना पड़ रहा है।
मंडी प्रांगण क्रमांक-2 का परिसर लंबे समय से बदहाल हैं। जगह-जगह डामर उखड़ चुका है और कई स्थानों पर सिर्फ गिट्टियां नजर आ रही हैं। वाहनों की आवाजाही के दौरान धूल उड़ती है, वहीं गिट्टियां उछलकर दूर तक जाती हैं। ऐसे में किसानों और व्यापारियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बढ़ती आवक और मंडी की अच्छी आय के बीच सुविधाओं की यह बदहाली मंडी प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रही है।
आवक और आय में ए ग्रेड, सुविधाओं में पिछड़ रही मंडी-
कृषि उपज मंडी को आवक और आय के मामले में ए ग्रेड की श्रेणी में शामिल किया गया है। यहां सीजन में बड़ी मात्रा में उपज पहुंचती है। हर साल करोड़ों रुपए की आय होने के बावजूद मंडी परिसर की बुनियादी सुविधाओं में सुधार नजर नहीं आ रहा है। प्रांगण क्रमांक-2 की डामरीकृत सड़क जगह-जगह से उखड़ चुकी है। कुछ हिस्सों में डामर पूरी तरह गायब हो चुका है और केवल गिट्टियां बची हैं। वाहनों के गुजरने पर धूल का गुबार उठता है। कई बार गिट्टियां उछलकर आसपास खड़े लोगों और वाहनों तक पहुंचती हैं। यह स्थिति लंबे समय से बनी हुई है। किसान और व्यापारी कई बार मंडी प्रशासन से परिसर में दोबारा डामरीकरण कराने की मांग कर चुके हैं, लेकिन अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। मंडी में रोजाना बड़ी संख्या में किसानों और व्यापारियों का आना-जाना रहता है। ऐसे में जर्जर परिसर न केवल परेशानी का कारण बन रहा है, बल्कि आवागमन को भी जोखिमपूर्ण बना रहा है।
जरूरी कामों को टाल रहा मंडी प्रशासन-
संयुक्त कृषक संगठन के तहसील अध्यक्ष दिनेश चौधरी ने नाराजगी जताते हुए कहा कि यह ए श्रेणी की मंडी है, लेकिन यहां हालात दोयम दर्जे के हैं। परिसर को ही सुधार नहीं पा रहे हैं तो अन्य सुविधाओं की बात करना बेमानी है। हम समय-समय पर मंडी प्रशासन को समस्याओं के निराकरण के लिए आगाह भी करते हैं, लेकिन इस ओर ईमानदारी से कार्य नहीं किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि मंडी में ऐसे कई निर्माण कार्य हो चुके हैं, जो गैरजरूरी थे और जिनकी आवश्यकता भी नहीं थी। इसके विपरीत जो काम जरूरी हैं, उन्हें टाला जा रहा है। परिसर की बदहाली इसका उदाहरण है। किसानों को रोजाना इसी रास्ते से अपनी उपज लेकर गुजरना पड़ता है, लेकिन उनकी परेशानी दूर करने के लिए ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं।
मंडी शुल्क मिल रहा, फिर सुविधाओं पर खर्च क्यों नहीं?
मंडी व्यापारी समिति के पूर्व अध्यक्ष शरद अग्रवाल ने भी व्यवस्थाओं पर नाराजगी जताते हुए कहा कि जो मंडी शुल्क प्राप्त होता है, वह एक प्रकार से सेवा शुल्क है। इसका उपयोग मंडी की व्यवस्था सुचारू रूप से संचालन के लिए किया जाना चाहिए। यहां रोड पूरी तरह से उखड़ रही है। कई जगह लाइट भी बंद है। हम कई बार व्यवस्था में सुधार के लिए मंडी प्रशासन को अवगत करा चुके हैं, लेकिन इस ओर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। जो सेवा शुल्क आ रहा है, उसका उपयोग क्यों नहीं हो रहा है, यह बड़ा प्रश्न है।
व्यवस्थाओं में सुधार की दरकार-
मंडी में लगातार बढ़ रही उपज की आवक को देखते हुए परिसर की व्यवस्थाओं को दुरुस्त करना जरूरी है। जर्जर सड़कों का डामरीकरण, खराब लाइटों को ठीक कराने और अन्य मूलभूत सुविधाओं में सुधार की आवश्यकता है। किसानों और व्यापारियों का कहना है कि मंडी प्रशासन को आय और आवक के अनुरूप सुविधाओं पर भी ध्यान देना चाहिए। आखिर जिस मंडी से हर साल करोड़ों रुपए की आय हो रही है, वहां किसानों और व्यापारियों को बेहतर सड़क और रोशनी जैसी बुनियादी सुविधाएं तो मिलनी ही चाहिए।
