छिंदवाड़ा:वरिष्ठ कांग्रेस नेता और पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने किसान कर्ज माफी को लेकर भाजपा सरकार के मंत्री विश्वास सारंग के बयान पर कड़ा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि किसानों के साथ रात-दिन धोखा करने वाली भाजपा सरकार के मंत्री ने कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में हुई किसान कर्ज माफी को लेकर सरासर झूठ बोला है। इसके लिए उन्हें मध्यप्रदेश की जनता और किसान भाइयों से माफी मांगनी चाहिए।
कमलनाथ ने कहा कि कांग्रेस सरकार में मुख्यमंत्री पद की शपथ लेते ही उन्होंने सबसे पहला निर्णय किसानों की कर्ज माफी का लिया था। कांग्रेस सरकार ने दो चरणों में प्रदेश के 26 लाख 95 हजार 381 किसानों का कुल 11 हजार 646.96 करोड़ रुपये का कर्ज माफ किया। किस जिले में कितने किसानों का कितना कर्ज माफ हुआ, इसकी पूरी सूची उपलब्ध है।
उन्होंने कहा कि यदि भारतीय जनता पार्टी ने छलपूर्वक कांग्रेस सरकार नहीं गिराई होती तो प्रदेश के शेष किसानों का कर्ज भी माफ कर दिया जाता। उन्होंने भाजपा पर आरोप लगाया कि वह झूठ और फरेब से जनता को भ्रमित करने के बजाय किसानों से किए गए चुनावी वादों को पूरा करे।कमलनाथ ने कहा कि गेहूं और धान पर न्यूनतम समर्थन मूल्य को लेकर भाजपा ने जो वादे किए थे, उन्हें आज तक पूरा नहीं किया गया है।
प्रदेश में किसानों की आमदनी लगातार घट रही है। रबी हो या खरीफ, दोनों ही सीजन में किसान खाद के लिए परेशान है।उन्होंने कहा कि बेहतर होगा कि भाजपा सरकार झूठे दावे करने की बजाय किसानों के कल्याण पर ध्यान दे और यदि वास्तव में उसे कर्ज माफी के प्रति कोई संवेदनशीलता है तो प्रदेश के सभी किसानों का कर्ज तत्काल माफ करे।
