कमाई छिपाने में भाजपा विधायक ओम कुमार की सदस्यता रद्द, हाईकोर्ट ने चुनाव को अवैध ठहराया

प्रयागराज। बिजनौर की नहटौर विधानसभा सीट से भाजपा विधायक ओम कुमार की विधानसभा सदस्यता इलाहाबाद हाईकोर्ट ने रद्द कर दी है। हाईकोर्ट ने उनके निर्वाचन को अवैध करार देते हुए चुनाव रद्द करने का फैसला सुनाया है।

न्यायमूर्ति सलिल कुमार राय की पीठ ने मामले की सुनवाई के बाद यह फैसला दिया। अदालत ने ओम कुमार को फैसले के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में अपील दाखिल करने के लिए 15 दिन का समय दिया है।

नामांकन में आय छिपाने का लगा था आरोप

ओम कुमार के निर्वाचन को राष्ट्रीय लोकदल (आरएलडी) के प्रत्याशी रहे मुंशी राम ने हाईकोर्ट में चुनौती दी थी। याचिका में आरोप लगाया गया था कि ओम कुमार ने विधानसभा चुनाव के नामांकन के दौरान अपनी आय के स्रोतों की पूरी जानकारी नहीं दी और आमदनी से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां छिपाईं। इसके अलावा नामांकन पत्र के कई कॉलम अधूरे होने का भी दावा किया गया था। याचिकाकर्ता ने इन कथित अनियमितताओं को आधार बनाते हुए ओम कुमार का निर्वाचन निरस्त करने की मांग की थी। अदालत ने नामांकन से जुड़ी खामियों को गंभीर मानते हुए उनका चुनाव रद्द कर दिया।

महज 258 वोटों से मिली थी जीत

नहटौर विधानसभा सीट पर 2022 के चुनाव में भाजपा और आरएलडी के बीच बेहद कांटे का मुकाबला हुआ था। भाजपा प्रत्याशी ओम कुमार को 77,935 वोट मिले थे, जबकि आरएलडी के मुंशी राम 77,677 वोट हासिल कर दूसरे स्थान पर रहे थे। ओम कुमार ने महज 258 वोटों के अंतर से जीत दर्ज कर हैट्रिक बनाई थी। बसपा प्रत्याशी प्रिया सिंह 38,020 वोट पाकर तीसरे स्थान पर रही थीं। बेहद मामूली अंतर से मिली इस जीत को बाद में मुंशी राम ने अदालत में चुनौती दी थी।

दोबारा मतगणना की मांग पर फैसला नहीं

याचिकाकर्ता मुंशी राम ने चुनाव में दोबारा मतगणना कराने की मांग भी उठाई थी। हालांकि, इस मांग पर अदालत का कोई अलग फैसला अभी सामने नहीं आया है। अदालत का करीब 400 पन्नों का आदेश बताया जा रहा है।

Next Post

एलयू की चुनौती सेमीफाइनल में थमी, हिमाचल ने पांच विकेट से हराया; दिल्ली विश्वविद्यालय भी फाइनल में

Thu Nov 26 , 2026
लखनऊ, 26 नवंबर (वार्ता) नॉर्थ जोन इंटर यूनिवर्सिटी क्रिकेट टूर्नामेंट में मेजबान लखनऊ विश्वविद्यालय (एलयू) ने सेमीफाइनल में हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय को कड़ी चुनौती दी, लेकिन टीम खिताबी मुकाबले में जगह बनाने से चूक गई। एलयू के परांजपे क्रिकेट मैदान पर खेले गए मुकाबले में हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय ने पांच […]

You May Like