राधाकृष्णन ने सभी 22 अनुसूचित भाषाओं में जारी किए संविधान के नए संस्करण

नई दिल्ली, 26 नवंबर (वार्ता) उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने गुरुवार को संविधान दिवस के अवसर पर भारत के संविधान के नए संस्करण सभी 22 अनुसूचित भाषाओं में जारी किए।

उन्होंने कहा कि अपनी मातृभाषा में संविधान उपलब्ध होने से लोग अपने अधिकारों, कर्तव्यों और संवैधानिक मूल्यों को बेहतर ढंग से समझ सकेंगे। इससे आम नागरिकों की लोकतांत्रिक भागीदारी भी मजबूत होगी।

उप राष्ट्रपति ने विज्ञान भवन में आयोजित कार्यक्रम में कहा कि भारत की भाषाई विविधता उसकी ताकत है। सभी अनुसूचित भाषाओं में संविधान का उपलब्ध होना ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की भावना को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि भाषाएं केवल बातचीत का माध्यम नहीं हैं, बल्कि इनमें देश की संस्कृति, परंपरा और पहचान भी जुड़ी होती है।

उपराष्ट्रपति ने संविधान की मसौदा समिति के अध्यक्ष डॉ. भीमराव आंबेडकर और संविधान सभा के अन्य सदस्यों को याद करते हुए कहा कि संविधान केवल कानूनी दस्तावेज नहीं, बल्कि देश की जीवंत आत्मा है। उन्होंने विधि एवं न्याय राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल और उनकी टीम के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि इन प्रयासों से संविधान को आम लोगों तक पहुंचाने और देश की भाषाई व सांस्कृतिक विरासत को बचाने में मदद मिलेगी।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय भाषाओं और ज्ञान परंपराओं को बढ़ावा देने के लिए की गई पहलों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि ज्ञान भारतम और काशी तमिल संगमम जैसे कार्यक्रम देश की सांस्कृतिक विरासत को सहेजने और अलग-अलग क्षेत्रों के बीच सांस्कृतिक संबंध मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण हैं।

श्री राधाकृष्णन ने कहा कि हर व्यक्ति को अपनी मातृभाषा से विशेष लगाव होता है, लेकिन दूसरों की भाषा और मातृभाषा का सम्मान करना भी उतना ही जरूरी है। उन्होंने लोगों से अपनी भाषा का गौरव बढ़ाने के साथ देश की दूसरी भाषाओं का सम्मान करने की भी अपील की।

महाकवि सुब्रमण्यम भारती के विचारों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि भारत में भले ही कई भाषाएं बोली जाती हैं, लेकिन देश के लोगों के विचार, सपने और काम राष्ट्रसेवा के लिए एकजुट हैं। सभी 22 अनुसूचित भाषाओं में संविधान जारी होना इसी एकता की भावना को मजबूत करेगा और 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य की दिशा में देश की यात्रा को आगे बढ़ाएगा।

उपराष्ट्रपति ने सभी से ‘राष्ट्र प्रथम’ के सिद्धांत पर काम करने की अपील करते हुए कहा कि मजबूत और एकजुट राष्ट्र ही अपनी सभी भाषाओं को सुरक्षित रखने और उन्हें आगे बढ़ने का अवसर देने में सक्षम है।

कार्यक्रम में श्री मेघवाल, विधायी विभाग के सचिव डॉ. राजीव मणि सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद थे।

Next Post

सर्विसेज और उत्तर प्रदेश का स्वर्ण पदकों पर कब्ज़ा जारी

Thu Nov 26 , 2026
मुंबई, 26 नवंबर (वार्ता) मंगलवार को मलाड के आईएनएस हमला में आयोजित पहली ‘यूथ आर्टिस्टिक जिम्नास्टिक्स नेशनल चैंपियनशिप’ में सर्विसेज और उत्तर प्रदेश ने अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखा। प्रतियोगिता के दूसरे दिन, इन दोनों टीमों ने अपने पदकों की संख्या बढ़ाते हुए दो और टीम खिताब अपने नाम किए। […]

You May Like