बजट पूर्व बैठक में जैव-उर्वरकों से लेकर स्थानीय एआई को अपनाने तक के सुझाव

नयी दिल्ली, 26 नवंबर (वार्ता) केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने विभिन्न मंत्रालयों, विभागों, अर्थशास्त्रीय, उद्योग और अन्य हितधारकों के साथ बजट पूर्व विस्तृत परामर्श की बैठकें पूरी कर ली हैं जिनमें जैव-उर्वरकों से लेकर स्थानीय कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) को अपनाने तक के सुझाव सामने आए।

श्रीमती सीतारमण ने 13 अलग-अलग बैठकें कीं जिनमें गुरुवार को अंतिम बैठक में शिक्षा मंत्रालय और युवा एवं खेल मामलों के मंत्रालय के अधिकारियों तथा इन क्षेत्रों के हितधारकों के साथ युवाओं की अपेक्षाओं और जरूरतों पर चर्चा हुई।

वित्त मंत्रालय ने बताया कि प्रमुख सुझावों में जैव-उर्वरकों और उन्नत जैव-प्रौद्योगिकी आधारित कृषि इनपुट के घरेलू विनिर्माण को बढ़ावा देना; स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हार्डवेयर के अनुकूल क्षेत्र-विशिष्ट एआई मॉडल विकसित करके इस क्षेत्र में देश की प्रतिस्पर्धात्मकता बढ़ाना; एमएसएमई और छोटे वित्तीय संस्थानों के बीच साइबर-सुरक्षा जागरूकता को मजबूत करना; और ग्रामीण युवाओं तथा श्रमिकों को कृषि-क्षेत्र से हटकर उत्पादक गैर-कृषि रोजगार और टिकाऊ उद्यमों की ओर बढ़ने में मदद करने के लिए लक्षित प्रयास करना शामिल थे।

प्रतिभागियों ने एक राष्ट्रव्यापी ‘पठन आंदोलन’ शुरू करने का भी सुझाव दिया, ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि कक्षा 5 के अंत तक हर बच्चा अखबार पढ़ और समझ सके। आवास क्षेत्र में, हितधारकों ने शहरी क्षेत्रों में किफायती आवास का विस्तार करने के लिए ‘किराये के आवास’ को बढ़ावा देने के महत्व पर प्रकाश डाला। इसके अलावा, टियर-2 और टियर-3 शहरों के विकास में तेजी लाने के सुझाव भी दिए गए, ताकि युवा भारतीयों को शिक्षा से रोजगार और उद्यमिता की ओर बढ़ने में मदद मिल सके।

मंत्रालय की प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, ये सुझाव नवाचार-आधारित विकास को बढ़ावा देने, रोजगार के अवसर बढ़ाने, सामाजिक और आर्थिक बुनियादी ढांचे को मजबूत करने, तथा एक अधिक लचीली और भविष्य के लिए तैयार अर्थव्यवस्था का निर्माण करने पर केंद्रित थे। इन परामर्शों से भविष्योन्मुखी सुझावों की एक विस्तृत श्रृंखला सामने आई, जिनका उद्देश्य देश की मानव पूंजी, नवाचार पारिस्थितिकी तंत्र, विनिर्माण प्रतिस्पर्धात्मकता, कृषि उत्पादकता, आवास सुरक्षा और शैक्षिक परिणामों को मजबूत करना है। हितधारकों ने ऐसे सुधारों की आवश्यकता पर जोर दिया, जो समावेशी विकास सुनिश्चित करते हुए आर्थिक वृद्धि को और तेज कर सकें।

पहली बैठक में आर्थिक मामलों के विभाग के सचिव, सरकार के मुख्य आर्थिक सलाहकार और देश के कई जाने-माने अर्थशास्त्री शामिल हुए थे। इसके बाद, वित्त मंत्री ने कौशल विकास मंत्रालय, स्कूल शिक्षा विभाग, खेल विभाग, जैव प्रौद्योगिकी विभाग, जनजातीय मामलों के मंत्रालय, स्वास्थ्य मंत्रालय, आवास एवं शहरी विकास मंत्रालय, श्रम मंत्रालय, नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय, सड़क परिवहन मंत्रालय, नीति आयोग, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय, वित्तीय सेवा विभाग, उद्योग एवं आंतरिक व्यापार संवर्धन विभाग, एमएसएमई मंत्रालय, कॉर्पोरेट मामलों के मंत्रालय, खान मंत्रालय, मत्स्य पालन विभाग और कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय के अधिकारियों और संबंधित हितधारकों के साथ भी उन्होंने बैठकें की।

बजट हर साल 01 फरवरी को लोकसभा में पेश किया जाता है। उससे पहले आर्थिक सर्वेक्षण संसद के दोनों सदनों में पेश किया जाता है। सरकार के समक्ष इस बार बजट में बढ़ती महंगाई के बीच आम लोगों पर ज्यादा बोझ न देते हुए वित्तीय अनुशासन बनाए रखने की चुनौती होगी।

 

 

Next Post

आंध्र प्रदेश में बनाये जायेंगे पांच हजार मंदिर : नायडू

Thu Nov 26 , 2026
तिरुमाला, 26 नवंबर (वार्ता)। आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने तिरुमाला तिरुपति देवस्थानम (टीटीडी) के सहयोग से पूरे आंध्र प्रदेश में 5,000 मंदिरों के निर्माण की घोषणा की है। उन्होंने अधिकारियों को प्रत्येक मंदिर में शांत और पवित्र वातावरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री और अन्य अधिकारियों […]

You May Like

मनोरंजन